Loading...

सोलन हॉकी क्लब ने ठोडो मैदान में मनाया 8वां स्थापना दिवस, छह टीमों ने लिया भाग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

सोलन हॉकी क्लब ने 27 अगस्त 2026 को ऐतिहासिक ठोडो मैदान में अपना 8वां स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम के तहत अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग के हॉकी मुकाबले करवाए गए। अंतर-जिला स्तरीय प्रतियोगिता में नालागढ़ और सोलन की लड़के व लड़कियों की कुल छह टीमों ने भाग लिया। विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सोलन/सोलन

अंडर-14 हॉकी मैच का शुभारंभ समाजसेवी मधु गुप्ता ने किया, जबकि अंडर-17 मुकाबले की शुरुआत नगर निगम सोलन के आयुक्त डॉ. राजदीप सिंह ने की। इससे पहले सोलन हॉकी क्लब के पदाधिकारियों ने शूलिनी मंदिर में पूजा-अर्चना की और केक काटा। क्लब के अध्यक्ष कैप्टन एसपी जगोता ने बताया कि सोलन हॉकी क्लब की स्थापना वर्ष 2019 में हुई थी और यह अब तक सैकड़ों बच्चों को निःशुल्क एवं पेशेवर हॉकी प्रशिक्षण दे चुका है।

युवा खिलाड़ियों को मंच देना क्लब का उद्देश्य

कैप्टन एसपी जगोता ने कहा कि क्लब से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके कई होनहार खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। क्लब का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में हॉकी को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण और शहरी युवा प्रतिभाओं को सशक्त मंच उपलब्ध करवाना है। उन्होंने बताया कि क्लब हर वर्ष 27 अगस्त से मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस एवं राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त तक वार्षिक प्रतियोगिता आयोजित करता है। उन्होंने युवाओं को खेलों से जुड़ने और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

सफाई निरीक्षकों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में नगर निगम के सफाई निरीक्षक राहुल और गुरतेज को भी क्लब की ओर से सम्मानित किया गया। ब्रह्माकुमारी संस्था सोलन के सदस्यों ने बच्चों को नशे के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता राकेश ठाकुर, अधिशासी अभियंता रवि कपूर, नगर निगम सोलन के संयुक्त आयुक्त चेतन चौहान तथा क्लब पदाधिकारी पंकज गुप्ता, शीला कौशल, कृष्णा ठाकुर, नरेंद्र चंदेल और सविता शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Related Topics: