सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 150 पदों पर भर्ती, 10 अगस्त से होंगे साक्षात्कार
धर्मशाला में जिला रोजगार कार्यालय के माध्यम से सिस इंडिया लिमिटेड, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 150 पदों पर भर्ती की जाएगी। ये पद केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए हैं। विभिन्न रोजगार कार्यालयों में साक्षात्कार 10 से 17 अगस्त तक सुबह 11 बजे आयोजित किए जाएंगे।
योग्यता, आयु और वेतन
जिला रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने बताया कि पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं अथवा इससे अधिक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से 18 हजार से 24 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन और नियमानुसार अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
साक्षात्कार का कार्यक्रम
साक्षात्कार 10 अगस्त को उप रोजगार कार्यालय बैजनाथ, 11 अगस्त को उप रोजगार कार्यालय कांगड़ा, 13 अगस्त को उप रोजगार कार्यालय देहरा, 14 अगस्त को उप रोजगार कार्यालय बडोह और 17 अगस्त को उप रोजगार कार्यालय कस्बा कोटला में होंगे। अभ्यर्थियों को दो पासपोर्ट आकार के फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा की प्रति और उपलब्ध होने पर अनुभव प्रमाण पत्र साथ लाना होगा।
ऑनलाइन आवेदन करना जरूरी
साक्षात्कार का विवरण विभागीय वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार से पहले विभागीय वेबसाइट पर अपनी ई-मेल आईडी अथवा मोबाइल नंबर से लॉगिन कर डैशबोर्ड पर प्रदर्शित सिस इंडिया लिमिटेड, हमीरपुर की रिक्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा भत्ता या अन्य देय नहीं दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 85580.62252 पर संपर्क किया जा सकता है।