सेन की सेर में स्कूल परिसर में घुसा मलबा और बरसाती पानी, समय रहते छुट्टी घोषित होने से टला बड़ा हादसा
लगातार मूसलाधार बारिश के चलते राजगढ़ की सेन की सेर पंचायत स्थित राजकीय माध्यमिक पाठशाला के परिसर में मलबा और बरसाती पानी घुस गया। खराब मौसम के कारण पहले से अवकाश घोषित होने से बच्चे स्कूल नहीं पहुंचे और संभावित दुर्घटना टल गई। ग्रामीणों ने प्रभावित रास्तों, स्कूल परिसर से मलबा हटाने और बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की है।
राजगढ़
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने राजगढ़ उपमंडल की सेन की सेर पंचायत में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। शुक्रवार को भारी बारिश के चलते जंगल की ओर से भारी मात्रा में मलबा और बरसाती पानी राजकीय माध्यमिक पाठशाला के परिसर में घुस गया। गनीमत यह रही कि प्रशासन की ओर से खराब मौसम को देखते हुए समय रहते स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया था, जिसके कारण बच्चे स्कूल नहीं पहुंचे। यदि विद्यालय खुला होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार तेज बारिश के कारण स्कूल परिसर से होकर मलबा और बरसाती पानी का तेज बहाव निकला, जिससे विद्यालय परिसर के साथ-साथ गांव की सड़कें भी प्रभावित हो गईं। कई संपर्क मार्गों पर आवाजाही बाधित होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी मीना ठाकुर, विनोद और नरेंद्र ठाकुर सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश से गांव के रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पशुओं के लिए चारा लाने और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित रास्तों और स्कूल परिसर में जमा मलबे को जल्द हटाने तथा आवश्यक राहत कार्य शुरू करने की मांग की है।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि लगातार हो रही बारिश के बीच बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उन्होंने विद्युत आपूर्ति को जल्द सुचारु करने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करने की मांग प्रशासन से की है।

