Loading...

शाहपुर के पैड़ जंगल में गुब्बारों से बंधा पाकिस्तानी झंडा मिला, पुलिस ने कब्जे में लिया

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 6 Sep 2026 • 1 Min Read

कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र की सिहुंआ पंचायत के पैड़ जंगल में चीड़ के पेड़ पर गुब्बारों से बंधा पाकिस्तानी झंडे जैसा एक झंडा मिला है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर झंडे और उससे बंधी सामग्री को कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में इसके तेज हवाओं के कारण पड़ोसी देश की ओर से उड़कर यहां पहुंचने की आशंका जताई गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में छानबीन करने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

कांगड़ा

पुलिस ने जांच के दौरान ग्राम पंचायत सिहुंआ के प्रधान लव कुमार से फोन पर संपर्क किया। प्रधान ने बताया कि स्थानीय निवासी शशी कुमार ने उन्हें जंगल में एक संदिग्ध झंडा फंसा होने की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस टीम पैड़ जंगल पहुंची, जहां शिकायतकर्ता शशी कुमार, मिलाप चंद और सात से आठ अन्य ग्रामीण मौजूद थे। पुलिस को ऊंचे चीड़ के पेड़ पर हरे और सफेद रंग का सिल्की नायलॉन का झंडा दिखाई दिया, जिस पर चांद-सितारा बना हुआ था।

टहनी काटकर नीचे उतारा गया झंडा

स्थानीय युवकों की सहायता से पेड़ की टहनी काटकर झंडे को सुरक्षित नीचे उतारा गया। निरीक्षण में पुलिस ने पाया कि हल्के वजन का यह झंडा पाकिस्तानी झंडे जैसा दिखाई दे रहा था। इसके ऊपरी हिस्से में सूखी घास की एक डंडी बंधी थी, जिसके साथ तीन फटे हुए पारदर्शी गुब्बारे जुड़े थे। सभी गुब्बारों की हवा निकल चुकी थी। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में झंडे और उससे संबंधित सामग्री को फर्द जब्ती के तहत कब्जे में लेकर उनके हस्ताक्षर करवाए।

एसपी ने अफवाहों से बचने की अपील की

कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए झंडे को कब्जे में ले लिया। प्राथमिक तौर पर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि गुब्बारों से बंधा यह झंडा तेज हवाओं के कारण उड़कर यहां पहुंचा। एहतियात के तौर पर स्थानीय लोगों से पूछताछ और आसपास के क्षेत्र की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य और पुलिस के नियंत्रण में है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और न घबराने की अपील की गई है।

Related Topics: