सिरमौर में शीना पंचायत लगातार दूसरी बार निर्विरोध, यशवंत सिंह ठाकुर प्रधान चुने गए
Himachalnow / नाहन
सिरमौर जिले की शीना पंचायत में लगातार दूसरी बार सर्वसम्मति से निर्विरोध चुनाव हुआ है। ग्राम सभा में सभी ग्रामीणों ने एकमत होकर पूरा पैनल तय किया और यशवंत सिंह ठाकुर को प्रधान चुना गया। सरकार की प्रोत्साहन राशि बढ़ने के बाद जिले में सर्वसम्मति का रुझान तेजी से बढ़ रहा है।
नाहन
जिला सिरमौर की ग्राम पंचायत शीना को लगातार दूसरी बार सर्वसम्मति से निर्विरोध चुन लिया गया है। पंचायत में ग्राम सभा की बैठक के दौरान सभी ग्रामीणों ने एकमत होकर पूरा पैनल तय किया।इस बार प्रधान पद के लिए शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त यशवंत सिंह ठाकुर को चुना गया है, जबकि उपप्रधान पद पर देवराज कश्यप निर्वाचित हुए हैं। पंचायत के सभी वार्डों—शीना एक, शीना दो, धारों खराड़, कांगर खोपर और अड़गू—में भी प्रतिनिधियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया।
जानकारी के अनुसार, नवंबर 2020 में डिलमन पंचायत से अलग होकर बनी शीना पंचायत ने जनवरी 2021 के पहले चुनाव में भी निर्विरोध चयन का रिकॉर्ड बनाया था। अब मई 2026 में दूसरी बार भी पूरे पैनल को सर्वसम्मति से चुना गया है।जिला में अब तक टटियाण, दाड़ो देवरिया और शीना पंचायतों में निर्विरोध सहमति बन चुकी है। अन्य कई पंचायतों में भी सर्वसम्मति के लिए बैठकों का दौर जारी है और नामांकन प्रक्रिया तक कुछ और पंचायतों के निर्विरोध चुने जाने की संभावना जताई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा निर्विरोध चुनी जाने वाली पंचायतों के लिए प्रोत्साहन राशि 10 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपए किए जाने के बाद जिले में सर्वसम्मति का रुझान तेज हुआ है।नव निर्वाचित प्रधान यशवंत सिंह ठाकुर ने बताया कि जल्द ही पंचायत प्रतिनिधियों की सूची विकास खंड अधिकारी पच्छाद को सौंप दी जाएगी। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि जिले में सर्वसम्मति से पंचायत चुनने की प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।