Shipki La Trade / शिपकी ला मार्ग से छह साल बाद भारत-चीन सीमावर्ती व्यापार बहाल, पहला भारतीय दल तिब्बत के लिए रवाना
Shipki La Trade / किन्नौर जिले के शिपकी ला मार्ग से भारत और चीन के बीच सीमावर्ती व्यापार छह वर्ष बाद फिर शुरू हो गया है। पहले दिन पूह उपमंडल के 16 भारतीय व्यापारी अपना सामान लेकर तिब्बत के लिए रवाना हुए। व्यापार की बहाली के साथ लंबे समय से बंद पड़े इस पारंपरिक मार्ग पर फिर से गतिविधियां शुरू हो गई हैं।
किन्नौर
राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने शिपकी ला सीमा से करीब चार किलोमीटर पहले स्थित छुप्पन ट्रेड मार्ट से व्यापारियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों का पारंपरिक खतक पहनाकर स्वागत भी किया और सीमावर्ती व्यापार दोबारा शुरू होने पर शुभकामनाएं दीं।
एलएसी तक वाहनों से पहुंचाया गया सामान
भारतीय व्यापारी अपने सामान को वाहनों के माध्यम से वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) तक लेकर पहुंचे। सीमा के निकट पहुंचने के बाद सामान को वाहनों से उतारकर खच्चरों पर लादा गया। इसके बाद भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच पूरी की और व्यापारियों को सीमा पार जाने की अनुमति प्रदान की।
प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी
व्यापारिक गतिविधियों की शुरुआत के दौरान उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, शिपकी ला ट्रेड ऑफिसर भीम सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने सीमावर्ती व्यापार के संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी की और प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार पूरा कराया।