Loading...

Sirmaur Drug Arrest / सिरमौर में नशे के खिलाफ पुलिस की दो बड़ी कार्रवाइयां, महिला समेत दो गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 14 Jul 2025 • 1 Min Read

Sirmaur Drug Arrest : पांवटा साहिब और पुरुवाला क्षेत्र में सिरमौर पुलिस ने नशे और अवैध शराब के खिलाफ अभियान के तहत एक महिला से भुक्की और एक युवक से कच्ची शराब बरामद की है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

नाहन

पांवटा साहिब में महिला के कमरे से बरामद हुई 6.6 किलो भुक्की
13 जुलाई को पांवटा साहिब पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर किशनपुरा में एक किराये के कमरे में दबिश दी। कमरे की तलाशी के दौरान सुनीता देवी निवासी यमुनानगर, हरियाणा के पास से 6.656 किलोग्राम भुक्की और ₹9,300 नकद बरामद किए गए। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है और रिमांड के लिए कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

पुरुवाला में युवक से बरामद हुई कच्ची शराब, मौके पर गिरफ्तार
उसी दिन पुलिस थाना पुरुवाला की टीम ने रामपुर घाट फैक्ट्री के पास गश्त के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका, जो कैनाल रोड पर कैनी लेकर जा रहा था। पूछताछ में युवक की पहचान गुरमीत सिंह निवासी झुंग्री, रामपुरघाट के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसकी कैनी से लगभग 5 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जिलेभर में जारी रहेगा नशे के खिलाफ अभियान: पुलिस
सिरमौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा और अवैध शराब के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती से चलाया जाएगा। दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है और संबंधित आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।