दाड़ो देवरिया पंचायत भी निर्विरोध, पच्छाद में बनी सहमति की मिसाल
Himachalnow / नाहन
जिला सिरमौर में पंचायतीराज चुनावों के बीच सर्वसम्मति की परंपरा एक बार फिर मजबूत होती नजर आ रही है।शिलाई विधानसभा क्षेत्र की टटियाण पंचायत के बाद अब पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़ो देवरिया भी निर्विरोध चुन ली गई है।
नाहन
जिला सिरमौर में पंचायतीराज चुनावों के बीच सर्वसम्मति की परंपरा एक बार फिर मजबूत होती नजर आ रही है। शिलाई विधानसभा क्षेत्र की टटियाण पंचायत के बाद अब पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़ो देवरिया भी निर्विरोध चुन ली गई है।ग्राम पंचायत दाड़ो देवरिया में ग्रामीणों ने आपसी सहमति से पूरी कार्यकारिणी का चयन किया। बैठक का आयोजन पूर्व प्रधान गीता देवी, पूर्व उपप्रधान नरेंद्र सिंह और पूर्व उपप्रधान संदीप चौहान की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें पंचायत के सभी वर्गों ने भाग लिया।
सहमति के तहत सुमन कुमारी को प्रधान और सुरजीत सिंह को उपप्रधान चुना गया। इसके अलावा चेवला बकानग से रीता देवी, दाड़ो-एक से रविंदर, दाड़ो-दो से रोहित, थाना कावड़ी से राधा देवी और सोहला से सुनीता देवी को वार्ड सदस्य बनाया गया।पंचायत के सुभाष ठाकुर ने बताया कि ग्रामीणों ने आपसी विश्वास और एकजुटता के साथ यह फैसला लिया है। जल्द ही इसकी औपचारिक सूचना खंड विकास अधिकारी पच्छाद को दी जाएगी।गौरतलब है कि जनवरी 2021 के पंचायत चुनावों में भी सिरमौर जिला ने रिकॉर्ड बनाते हुए 33 पंचायतों को निर्विरोध चुना था, जो प्रदेश में सबसे बड़ा आंकड़ा रहा था।
वर्तमान चुनाव प्रक्रिया में अब तक सिरमौर की दो पंचायतें—टटियाण और दाड़ो देवरिया—निर्विरोध चुनी जा चुकी हैं। इसके अलावा जिले की कई अन्य पंचायतों में भी सर्वसम्मति बनाने के लिए लगातार बैठकों का दौर जारी है और नामांकन प्रक्रिया तक और पंचायतों के निर्विरोध चुने जाने की संभावना जताई जा रही है।
