Loading...

सिरमौर में 75 विद्यार्थियों को मिला लाभ, उच्च शिक्षा के लिए भी मिल रही आर्थिक सहायता

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की छात्रवृत्ति योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। जिला सिरमौर में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान अब तक 75 विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिल चुका है। योजना के तहत स्कूल से लेकर उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा तक के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।

नाहन

हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की छात्रवृत्ति योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षा का मजबूत सहारा बन रही है। जिला सिरमौर में जिला कामगार कल्याण कार्यालय के माध्यम से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को विभिन्न शैक्षणिक स्तरों पर वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।योजना के तहत पहली से आठवीं कक्षा तक 8400 रुपये तथा नौवीं से बारहवीं कक्षा तक 12 हजार रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति दी जाती है। वहीं स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, मेडिकल और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए 36 हजार रुपये से लेकर 1.20 लाख रुपये प्रतिवर्ष तक की सहायता का प्रावधान है।

जोगीवन की संध्या ठाकुर को कंप्यूटर डिप्लोमा के लिए 48 हजार रुपये की सहायता मिली, जबकि नाहन तहसील के ग्राम धौण की निकिता ठाकुर और अंजली को स्नातक शिक्षा के लिए 72-72 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्राप्त हुई। लाभार्थियों ने कहा कि इस आर्थिक सहायता से उनकी पढ़ाई जारी रखने में काफी मदद मिली है।जिला कामगार कल्याण अधिकारी पारितोष तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक जिला सिरमौर के 75 पात्र विद्यार्थियों को इस योजना के तहत लाभान्वित किया जा चुका है, जिस पर 21.41 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।उन्होंने पात्र श्रमिक परिवारों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराकर उनका भविष्य संवारना है।

Related Topics: