तीन चरणों में होगा पंचायत चुनाव का रण, 273 ग्राम सभाओं में मतदान की तैयारी पूरी
जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में 273 ग्राम सभाओं में मतदान कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रत्येक बैलेट बॉक्स पर क्यूआर कोड आधारित ट्रैकिंग व्यवस्था लागू की गई है।
नाहन
जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले की 273 ग्राम सभाओं में तीन चरणों में मतदान कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए इस बार प्रत्येक बैलेट बॉक्स पर विशेष क्यूआर कोड लगाया गया है, जिससे उसकी वास्तविक समय में निगरानी की जा सकेगी।जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले चरण में 26 मई को 94 ग्राम सभाओं, दूसरे चरण में 28 मई को 90 ग्राम सभाओं और तीसरे चरण में 30 मई को 89 ग्राम सभाओं में मतदान होगा। तीनों चरणों में जिले के विभिन्न विकास खंडों की पंचायतों में मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय में ही की जाएगी। वहीं पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गणना 31 मई को निर्धारित केंद्रों पर होगी।प्रशासन ने इस बार चुनाव प्रक्रिया में तकनीकी व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी है। प्रत्येक बैलेट बॉक्स पर विशेष क्यूआर कोड लगाया गया है, जिससे उसकी वास्तविक समय में ट्रैकिंग संभव होगी। यह जानकारी चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भी अपडेट होती रहेगी, जिससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।
जिले में चुनावी सरगर्मियां अब पूरी तरह तेज हो चुकी हैं। पंचायतों में प्रचार अभियान अंतिम दौर में पहुंच गया है और गांव-गांव चुनावी माहौल गर्माता जा रहा है। उम्मीदवार मतदाताओं तक पहुंचने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। अब सभी की नजरें मतदान और उसके बाद आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका वर्मा ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
