आरक्षण रोस्टर / सिरमौर में ग्राम पंचायत प्रधान पदों का आरक्षण रोस्टर जारी
Himachalnow / नाहन
आरक्षण रोस्टर / सिरमौर जिले में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर ग्राम पंचायत प्रधान पदों का आरक्षण रोस्टर जारी कर दिया गया है। इसमें महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए विभिन्न पंचायतों में सीटें तय की गई हैं। रोस्टर जारी होने के बाद जिला भर में चुनावी हलचल तेज हो गई है और संभावित उम्मीदवार अपनी रणनीतियों को लेकर सक्रिय हो गए हैं।
नाहन
जिला सिरमौर में आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर ग्राम पंचायत प्रधान पदों का आरक्षण रोस्टर जारी कर दिया गया है। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा द्वारा जारी अधिसूचनाओं के अनुसार जिले के विभिन्न विकास खंडों की ग्राम पंचायतों के प्रधान पदों के लिए आरक्षण तय किया गया है। रोस्टर जारी होने के साथ ही अब जिला भर में पंचायत चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है।जारी अधिसूचनाओं के अनुसार जिला सिरमौर के नाहन, पांवटा साहिब, पच्छाद, राजगढ़, शिलाई, संगड़ाह, ददाहू और कमरऊ स्थित तिलोरधार विकास खंडों की ग्राम पंचायतों के प्रधान पदों के लिए आरक्षण घोषित किया गया है। इस बार बड़ी संख्या में पंचायतें महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जाति महिला, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जनजाति महिला, अन्य पिछड़ा वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग महिला तथा अनारक्षित श्रेणियों में आरक्षित की गई हैं।
नाहन विकास खंड में यह रहा आरक्षण
नाहन विकास खंड की सलानी कटोला, बनकला, बर्मा पापड़ी, सुरला और नाहन ग्राम पंचायतें अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित की गई हैं। आम्बवाला सैनवाला, सतीवाला, देवका पुडला और कौलावाला भूड़ पंचायतें अनुसूचित जाति वर्ग में रखी गई हैं। पालियों, मात्तर और नगल सुकेती पंचायतें अनुसूचित जनजाति महिला/अनुसूचित जनजाति वर्ग में शामिल की गई हैं। नलका और चाकली पंचायतें अन्य पिछड़ा वर्ग महिला, जबकि नेहली धीड़ा पंचायत अन्य पिछड़ा वर्ग में गई है। नाहन-द्वितीय, पंजाहल, बनेठी, देवनी और नावणी पंचायतें महिला वर्ग के लिए आरक्षित की गई हैं। वहीं धगेड़ा, विक्रमबाग, सैन की सेर, रामा धौण, काला आंब, मोगीनंद, क्यारी और त्रिलोकपुर पंचायतें अनारक्षित रखी गई हैं।
पांवटा साहिब में भी बदले कई समीकरण
पांवटा साहिब विकास खंड में अम्बोया, राजपुर, बढ़ाना और डांबरी सालवाला पंचायतें अनुसूचित जाति महिला वर्ग में आरक्षित की गई हैं। फूलपुर, भाटांवाली, किशनपुरा, बद्रीपुर, भगानी और रामपुरघाट पंचायतें अनुसूचित जाति वर्ग में शामिल की गई हैं। कांडो कौथर, कोला वाला भूड, गोरखुवाला, पुरुवाला, माजरा, जामनीवाला और धौलाकुआं पंचायतें महिला वर्ग में गई हैं। ब्यास, शिवपुर, रामपुर नारापुर और बहराल पंचायतें अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित की गई हैं। जबकि बाटा मंडी, जामनीवाला, हरिपुर टोहाना, देवीनगर, मिसरवाला, कुंजा मतरालियों और निहालगढ़ जैसी पंचायतें अनारक्षित श्रेणी में रखी गई हैं।
पच्छाद ब्लॉक में कई पंचायतें महिला वर्ग में
पच्छाद विकास खंड में डिन्नर-किन्नर, नैना टिक्कर, टिकरी कुठाड़, कथाड़, बागधन, बजगा, बनौना, धरोटी और महलोग लाल टिक्कर पंचायतें महिला वर्ग के लिए आरक्षित की गई हैं। जयहर, चर्मजी, काटली, शीना और दाड़ों देवरिया पंचायतें अनुसूचित जाति महिला वर्ग में रखी गई हैं। सराहां, भुड़ी, महोग, लाना बाका और लाना भलटा पंचायतें अनुसूचित जाति वर्ग में शामिल हैं। जबकि नरग, दीदग, बाग पशोग, जामटा, वासणी, कोटला पंजन, सेर टंडा और पच्छाद पंचायतें अनारक्षित रखी गई हैं।
राजगढ़ ब्लॉक में महिला और अजा वर्ग को बड़ा हिस्सा
राजगढ़ विकास खंड में दाहन, छोगटाली, राणाघाट, नेरी कोटली, डिम्बर, मेहर पाब, कोटी पधोग, धनच मानवा और हाब्बन पंचायतें महिला वर्ग में गई हैं। माटल बखोग, बोहल टालिया, दीदग, सेर जगास, चंदोल, देवठी मझगांव और डिब्बर पंचायतें अनुसूचित जाति महिला वर्ग में आरक्षित की गई हैं। कोटला बंगी, करगाणू, शरगांव, शिलाबागी, क्यारी गुंडाह, जदोल टपरोली और राजगढ़ पंचायतें अनुसूचित जाति वर्ग में शामिल हैं। जबकि नोहरी, बड़ग, खैरी, बघार चौकी, पालू, कवारग पनोल और थनोगा पंचायतें अनारक्षित रखी गई हैं।
शिलाई ब्लॉक में भी व्यापक आरक्षण
शिलाई विकास खंड में रास्त, क्यारी गुंडाह, मानल, हल्लौहा, नैनीधार और धारवा पंचायतें अनुसूचित जाति महिला वर्ग में रखी गई हैं। बेला बश्वा, शिलाई, पाव मानल, नाया, अश्याड़ी, लोजा मानल, जरवा जुनैली, बिडला दिगवा, कोटी उतरोऊ, बान्दली और सियासू पंचायतें महिला वर्ग में शामिल की गई हैं। कफोटा, मिल्लाह, अशानी, कांडो भटनोल, शावगा और कुहरा पंचायतें अनुसूचित जाति वर्ग में गई हैं। जबकि टिम्बी, बकरास, झाखंडो, रोनहाट, जरवा नाड़ा और पनोग पंचायतें अनारक्षित श्रेणी में रखी गई हैं।
संगड़ाह में भी कई पंचायतों का आरक्षण बदला
संगड़ाह विकास खंड में रेडली, घन्डूरी, पुन्नरधार, रजाना, शामरा, दाना घाटी, कुफर-कैथू और चौकर पंचायतें अनुसूचित जाति महिला वर्ग में आरक्षित की गई हैं। भवाई, सांगना, लुधियाना, अन्धेरी, चाडना, दिवडी खडांह, भाटन भुजौण्ड, भुटली मानल, गवाही और भौण कड़ियाना पंचायतें महिला वर्ग में गई हैं। संगड़ाह, देवना, लाना चेता, धारटी धार, नौहराधार, हरिपुरधार और बोरली कंडियान पंचायतें अनुसूचित जाति वर्ग में शामिल हैं। जबकि बरसा, कोटी धिमान, भरारी, पालर और डिमाइना पंचायतें अनारक्षित रखी गई हैं।
ददाहू ब्लॉक में भी आरक्षण सूची जारी
ददाहू विकास खंड में खूड द्राबिल, कोटी धीमान, जरग, जामू कोटी, कटाह शीतला और बगड़ पंचायतें अनुसूचित जाति महिला वर्ग में आरक्षित की गई हैं। महीपुर, ददाहू, देवामानल, बिरला, देवना, भरोग बनेड़ी और खाला क्यार पंचायतें महिला वर्ग में रखी गई हैं। छोऊ भोगर, खलाक्यार, भाटगढ़, पनार और नेहर सवार पंचायतें अनुसूचित जाति वर्ग में शामिल हैं। जबकि पराड़ा, बनौना, कान्डों-कांसार, कमलाड़ और छछेती पंचायतें अनारक्षित श्रेणी में रखी गई हैं।
कमरऊ स्थित तिलोरधार में भी घोषित हुआ रोस्टर
कमरऊ स्थित तिलोरधार विकास खंड में टटियाणा, भजौन, पौका, मश्वा और चान्दनी पंचायतें अनुसूचित जाति महिला/अनुसूचित जाति वर्ग में रखी गई हैं। शिल्ला, शरली मानपुर और कमरऊ पंचायतों को अन्य पिछड़ा वर्ग/अन्य पिछड़ा वर्ग महिला श्रेणी में शामिल किया गया है। ठौंठा जाखल, दुगाना, शमाह पमता और सतौन पंचायतें महिला वर्ग में गई हैं। जबकि जामना, कान्डो च्योग, सखौली और कान्टी मश्वा पंचायतें अनारक्षित रखी गई हैं।
गांव-गांव बदले चुनावी समीकरण
जिले में जारी इस आरक्षण रोस्टर के बाद पंचायत स्तर पर चुनावी समीकरण पूरी तरह बदलते नजर आ रहे हैं। कई पंचायतों में जहां पुराने दावेदारों की राह मुश्किल हुई है, वहीं कई स्थानों पर नए चेहरे चुनावी मैदान में उतरने की स्थिति में आ गए हैं। महिला और आरक्षित वर्गों के लिए बड़ी संख्या में सीटें तय होने से इस बार पंचायत चुनाव में सामाजिक प्रतिनिधित्व का दायरा और बढ़ने की संभावना है। अंतिम अधिसूचनाओं के अनुसार यह आरक्षण हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम 1994 तथा हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम 1994 के तहत जारी किया गया है। इसकी पुष्टि उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा द्वारा जारी अधिसूचनाओं में की गई है।