सिरमौर में उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने मिशन शक्ति और पोषण अभियान की समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी
सिरमौर में उपायुक्त प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में मिशन शक्ति अम्ब्रेला एवं पोषण अभियान की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पोषण, महिला एवं बाल विकास तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की गई।
नाहन
पोषण अभियान के क्रियान्वयन की हुई समीक्षा
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने उपायुक्त कार्यालय नाहन के सभागार में मिशन शक्ति अम्ब्रेला तथा पोषण अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए गठित जिला स्तरीय निगरानी एवं समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि पोषण अभियान का उद्देश्य 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं तथा किशोरियों में कुपोषण और एनीमिया की दर को कम करना है। इसके साथ ही बच्चों में कम वजन, बौनापन तथा महिलाओं और बच्चों में खून की कमी को चरणबद्ध तरीके से कम करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए पोषण संबंधी सेवाओं पर विशेष बल दिया जा रहा है।
1486 आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से दी जा रही सेवाएं
उपायुक्त ने बताया कि जिला सिरमौर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 1486 आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से 12,617 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा 6 माह से 6 वर्ष आयु वर्ग के 2,635 बच्चों को पूरक पोषाहार एवं अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत स्थानीय पौष्टिक आहार, मोटे अनाज विशेषकर बाजरा तथा आहार विविधता को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिन बच्चों में गंभीर कुपोषण अथवा स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होता, उन्हें आवश्यकता अनुसार पुनर्वास केंद्रों में भी भेजा जाता है।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और अन्य योजनाओं की प्रगति साझा
बैठक में बताया गया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जिला सिरमौर में जन्म के समय लिंग अनुपात गत वर्ष के 957 से बढ़कर इस वर्ष 1018 दर्ज किया गया है। इसके अतिरिक्त चालू वित्त वर्ष में 8 आंगनवाड़ी सह-क्रेच संचालित किए जा चुके हैं, जबकि भविष्य में 57 नए क्रेच शुरू करने का प्रस्ताव है। उपायुक्त ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के लिए बेहतर पोषण, देखभाल और विकास संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की जानकारी दी
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में सामाजिक सुरक्षा मद में 52 लाख 11 हजार 500 रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से अब तक 119 पात्र लाभार्थियों को 14 लाख 25 हजार 935 रुपये वितरित किए जा चुके हैं। इसी प्रकार इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के अंतर्गत 18 वर्ष तक के 1,891 पात्र लाभार्थियों को 57 लाख 70 हजार 228 रुपये तथा 18 से 27 वर्ष आयु वर्ग के 11 लाभार्थियों को 2 लाख 26 हजार 499 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति का बिंदुवार विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी (ग्रामीण विकास) अंजली गर्ग, जिला पंचायत अधिकारी विक्रम ठाकुर, जिला के सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

