Loading...

सिरमौर जिला परिषद की पहली बैठक आयोजित, 2026-27 बजट सहित 32,499 विकास कार्यों के प्रस्तावों को मिली स्वीकृति

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 2 Hours Ago • 1 Min Read

सिरमौर जिला परिषद की नवगठित परिषद की पहली बैठक नाहन में अध्यक्ष शिवानी की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें वर्ष 2026-27 के बजट सहित विभिन्न प्रशासनिक विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में मनरेगा एवं वीबीजी-रामजी के तहत 501.47 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले 32,499 प्रस्तावित विकास कार्यों के अनुमोदन के साथ पेयजल, सड़क, विद्युत और 15वें वित्त आयोग की अनुदान राशि से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

नाहन

जिला परिषद की पहली बैठक में सदस्यों और अधिकारियों का किया स्वागत

अध्यक्ष जिला परिषद सिरमौर शिवानी की अध्यक्षता में बुधवार को जिला परिषद भवन के सभागार में नवगठित जिला परिषद की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक के प्रारंभ में अध्यक्ष ने नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर की जनता ने सभी सदस्यों को जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी अपेक्षाओं और विश्वास के साथ चुना है। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों में समन्वय बनाए रखने, जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने तथा योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पारदर्शी तरीके से पूरा करने का आग्रह किया, ताकि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।

बजट और 32,499 विकास कार्यों के प्रस्तावों पर हुआ अनुमोदन

बैठक के दौरान पिछली बैठक के आय-व्यय का अनुमोदन किया गया तथा वित्त वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा मनरेगा तथा वीबीजी-रामजी योजना के अंतर्गत लगभग 501 करोड़ 47 लाख 18 हजार रुपये की अनुमानित लागत वाले 32,499 प्रस्तावित विकास कार्यों के अनुमोदन पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक में 15वें वित्त आयोग के तहत प्राप्त अनुदान राशि के उपयोग और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित विषयों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

पेयजल, सड़क और विद्युत व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा

बैठक में जिला परिषद सदस्यों ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पेयजल, सड़क, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित मुद्दे उठाए। इन विषयों पर विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक मामलों में संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत अधिकारी विक्रम ठाकुर ने बैठक का एजेंडा मदवार प्रस्तुत करते हुए विभिन्न प्रस्तावों और प्रशासनिक विषयों की जानकारी सदन के समक्ष रखी।

अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर एकता काप्टा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा, जिला परिषद के उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी, जिला परिषद सदस्य, सभी पंचायत समितियों के अध्यक्ष तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिला स्तर पर विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन और विभागीय समन्वय को मजबूत बनाने पर भी चर्चा की गई।

Related Topics: