उप-तहसील जोल के सोहारी वार्ड में नामांकन के दौरान उमड़ा जनसैलाब, मुकाबला रोचक होने के आसार
सोहारी वार्ड में जिला परिषद उम्मीदवार विशाल सिंह बब्बू के नामांकन के दौरान भारी जनसैलाब उमड़ा। कांग्रेस विधायक सुदर्शन सिंह बबलू की मौजूदगी में हुए शक्ति प्रदर्शन से क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और मुकाबला रोचक होने के आसार हैं।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप तहसील जोल के सोहारी वार्ड से कांग्रेस समर्थित जिला परिषद उम्मीदवार विशाल सिंह बब्बू ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक सुदर्शन सिंह बबलू और भारी जनसैलाब देखने को मिला। हजारों की संख्या में समर्थकों और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर शक्ति प्रदर्शन किया। जिससे क्षेत्र का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है।विशाल सिंह बब्बू के समर्थन में पहुंचे लोगों में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की अच्छी भागीदारी रही। समर्थकों ने नारों और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।
विशाल सिंह बब्बू के पिता पवन ठाकुर सोहारी पंचायत से तीन बार पंचायत प्रधान रह चुके हैं। क्षेत्र में उनका मजबूत जनाधार और लंबे समय से सामाजिक व राजनीतिक सक्रियता होने के कारण परिवार की इलाके में अच्छी पकड़ मानी जाती है। यही वजह है कि इस बार सोहारी वार्ड की जिला परिषद सीट जिला ऊना की सबसे हॉट सीटों में गिनी जा रही है।
वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट से योगराज जोगी को मैदान में उतारा है। योगराज जोगी की भी जनता के बीच अलग पहचान और सक्रियता मानी जाती है। ऐसे में दोनों प्रमुख उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से मुकाबला बेहद रोचक और कांटे का होने के संकेत मिल रहे हैं।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस सीट पर दोनों दल पूरी ताकत झोंक रहे हैं और आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार और भी तेज होने की संभावना है।
