सोलन में उपायुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन और ग्रामीण विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
सोलन में आयोजित बैठक में उपायुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
सोलन
खण्ड विकास अधिकारियों के साथ आयोजित हुई समीक्षा बैठक
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में जिला के सभी खण्ड विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन, ग्रामीण विकास योजनाओं तथा अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।
स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर दिए निर्देश
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत सभी गांवों में स्वच्छता सुनिश्चित की जाए तथा कूड़े के उचित निस्तारण की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि गांवों में किसी भी स्थान पर कूड़े के ढेर न रहने पाए और इस कार्य में स्वयंसेवी संस्थाओं तथा स्थानीय ग्रामीणों का सहयोग भी लिया जाए। साथ ही गंदे पानी के उचित निस्तारण के लिए आवश्यक स्थानों पर सोखता गड्ढों का निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आवास योजनाओं के लंबित कार्यों की समीक्षा
मनमोहन शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लंबित आवासों की जियो टैगिंग शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बजट उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जा सके, इसके लिए सभी औपचारिकताएं समय रहते पूरी की जाएं।
हिम ईरा दुकानों के निर्माण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
उपायुक्त ने धर्मपुर, कण्डाघाट और सोलन के खण्ड विकास अधिकारियों को राष्ट्रीय उच्च मार्ग के समीप उपयुक्त स्थान चिन्हित कर हिम ईरा दुकानों के निर्माण से संबंधित औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन दुकानों के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन के लिए स्थायी बिक्री केंद्र उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक से पहले अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
बैठक से पूर्व विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन-ग्रामीण (वी.वी.-जी.-राम-जी.) के अंतर्गत सभी खण्ड विकास अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंगल, जिला विकास अधिकारी रमेश शर्मा तथा सभी खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।