Loading...

सोलन पहुंचीं 80 नई इलेक्ट्रिक बसें, उपमुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण, जल्द विभिन्न डिपो में होंगी तैनात

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

प्रदेश सरकार द्वारा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने और हरित परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खरीदी जा रही नई इलेक्ट्रिक बसों की खेप सोलन पहुंची है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बसों का निरीक्षण करते हुए बताया कि राज्य में चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बसों का रूट ट्रायल पूरा हो चुका है और आवश्यक निरीक्षण प्रक्रियाओं के बाद इन्हें प्रदेश के विभिन्न परिवहन डिपो में भेजा जाएगा।

सोलन

80 इलेक्ट्रिक बसों का किया निरीक्षण

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को सोलन पहुंचीं 80 नई इलेक्ट्रिक बसों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बसों की तकनीकी विशेषताओं, यात्री सुविधाओं और संचालन संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसें प्रदेश के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों तक सार्वजनिक परिवहन सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। राज्य सरकार परिवहन क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को शामिल करने और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से ईंधन पर निर्भरता कम करने और सार्वजनिक परिवहन को अधिक टिकाऊ बनाने में सहायता मिलेगी।

297 इलेक्ट्रिक और 250 डीजल बसों की खरीद प्रक्रिया

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा कुल 297 इलेक्ट्रिक तथा 250 डीजल बसें खरीदी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नई इलेक्ट्रिक बसों को यात्रियों की सुविधा और प्रदेश की भौगोलिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार कराया गया है। प्रत्येक बस में 32 आरामदायक सीटों की व्यवस्था की गई है तथा यात्रियों के सामान के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि इन बसों को आधुनिक सुरक्षा और संचालन मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है ताकि यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके। सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन बेड़े को चरणबद्ध तरीके से मजबूत करना और विभिन्न रूटों पर सेवाओं का विस्तार करना है।

चार्जिंग स्टेशन किए जा रहे स्थापित

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के सुचारू संचालन के लिए प्रदेश के विभिन्न चिन्हित स्थलों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। चार्जिंग अवसंरचना विकसित करने का कार्य परिवहन विभाग और संबंधित एजेंसियों के माध्यम से किया जा रहा है ताकि बसों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश की पर्वतीय और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बसों का डिजाइन तैयार किया गया है। इन बसों का विभिन्न मार्गों पर रूट ट्रायल पूरा किया जा चुका है और प्रदर्शन का मूल्यांकन भी किया गया है। अब प्री-डिलीवरी इंस्पेक्शन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें प्रदेश के विभिन्न परिवहन डिपो में भेजा जाएगा, जहां से इन्हें निर्धारित रूटों पर संचालित किया जाएगा।

नई इलेक्ट्रिक बस में किया सफर

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने नई इलेक्ट्रिक बस में यात्रा भी की। उन्होंने सोलन से ब्रुरी और ब्रुरी से सोलन तक बस में सफर कर बस की सुविधाओं और संचालन व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान एचआरटीसी अधिकारियों ने बसों की तकनीकी विशेषताओं और संचालन संबंधी तैयारियों की जानकारी भी दी। निरीक्षण कार्यक्रम में हिमफैड के अध्यक्ष महेश्वर सिंह चौहान, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के उपाध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, कांग्रेस नेता सुरेंद्र सेठी, रमेश ठाकुर, शोभित बैहल, मंडलीय प्रबंधक एचआरटीसी डी.एस. नेगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कुमार चंदेल, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विभाग संजीव सोनी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कविता ठाकुर, क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन सोलन सुरेंद्र राजपूत सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

नगर निगम चुनाव परिणामों पर भी की टिप्पणी

सोलन नगर निगम चुनाव परिणामों के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस को अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक कारणों का प्रभाव चुनाव परिणामों में दिखाई दिया। उनके अनुसार नगर निगम क्षेत्र में पार्टी विभिन्न समूहों में विभाजित रही, जिसका असर चुनावी प्रदर्शन पर पड़ा। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस ने छह सीटों पर जीत दर्ज की और कुछ वार्डों में मुकाबला कम अंतर से रहा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और कांग्रेस के कुल मतों के बीच लगभग 800 वोट का अंतर रहा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम का संचालन निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा और राज्य सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

Related Topics: