Loading...

सोलन में 22 अगस्त को विशेष और 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 45 Mins Ago • 1 Min Read

सोलन जिले के न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण निपटारे के लिए 22 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत तथा 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। विशेष लोक अदालत में चेक बाउंस से जुड़े मामलों पर सुनवाई होगी, जबकि राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन और न्यायालयों में लंबित मामलों को दोनों पक्षों की आपसी सहमति से निपटाने का प्रयास किया जाएगा।

सोलन

अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रशांत सिंह नेगी ने बताया कि 22 अगस्त को होने वाली विशेष लोक अदालत में नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 की धारा 138 के तहत चेक बाउंस मामलों का निपटारा किया जाएगा। इसके बाद 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन मामलों के साथ न्यायालयों में लंबित मामलों को भी शामिल किया जाएगा। इन मामलों का समाधान दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर किया जाएगा।

प्रशांत सिंह नेगी ने पात्र वादकारियों से लोक अदालत के माध्यम से अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान करवाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में कम समय, न्यूनतम खर्च और सरल कानूनी औपचारिकताओं के साथ स्थायी समाधान का लाभ मिलता है। लोक अदालत से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के कार्यालय के दूरभाष नंबर 01792-220713 या टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Topics: