Loading...

युवा जोश, स्वच्छ सोच और विकास का विजन… अंब पंचायत में सोमनाथ भाटिया बने मजबूत दावेदार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

कालाअंब की अंब पंचायत में उप प्रधान पद के लिए सोमनाथ भाटिया ने युवाओं और समर्थकों के भारी जुटान के साथ नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने स्वच्छ पंचायत, रोजगार और विकास को अपनी प्राथमिक प्राथमिकताएं बताया है।

कालाअंब/नाहन

औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब की अंब पंचायत में इस बार उप प्रधान पद का चुनाव केवल राजनीतिक मुकाबला नहीं बल्कि विकास, स्वच्छता और युवाओं के भविष्य के मुद्दों पर केंद्रित होता नजर आ रहा है। इसी बीच सामाजिक कार्यकर्ता और कालाअंब रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष सोमनाथ भाटिया ने भारी समर्थक जुटान के साथ नामांकन दाखिल कर चुनावी माहौल को पूरी तरह गर्मा दिया है।नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे समर्थकों ने यह साफ संकेत दिए कि सोमनाथ भाटिया को पंचायत के अलग-अलग वर्गों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। क्षेत्र में उनकी सक्रिय सामाजिक भूमिका और जनसरोकारों से जुड़े अभियानों के चलते युवाओं के बीच भी उनका प्रभाव लगातार बढ़ता दिख रहा है।

सोमनाथ भाटिया ने साफ कहा कि अंब पंचायत को कचरे और प्रदूषण की पहचान नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां सफाई व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। पंचायत को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए ठोस योजना के साथ काम किया जाएगा।उन्होंने कहा कि पंचायत के युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियों और जागरूकता अभियानों को बड़े स्तर पर चलाया जाएगा। पंचायत स्तर पर समय-समय पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कर युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।

सोमनाथ भाटिया ने कहा कि कालाअंब मुख्य बस स्टॉप पर शौचालय बनकर तैयार होने के बावजूद अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। इसे जल्द चालू करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। खास तौर पर महिलाओं के लिए बेहतर शौचालय सुविधा सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योगों और पंचायत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उनका कहना है कि स्थानीय बेरोजगार युवाओं को उद्योगों में प्राथमिकता के आधार पर रोजगार मिले, इसके लिए भी प्रभावी पहल की जाएगी।

सोमनाथ भाटिया ने पंचायत क्षेत्र के स्कूलों के सौंदर्यकरण, स्वच्छ वातावरण और बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की बात भी कही। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को घर-द्वार पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष व्यवस्था बनाने का भरोसा दिया।उल्लेखनीय है कि सोमनाथ भाटिया लंबे समय से सड़क सुरक्षा और जनजागरूकता अभियानों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं की भागीदारी के साथ सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा ताकि औद्योगिक क्षेत्र में दुर्घटनाओं पर भी नियंत्रण लगाया जा सके।

उन्होंने कहा कि पंचायत में पेयजल, बिजली, नालियों की सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था विकसित की जाएगी। क्षेत्र में बढ़ते जनसमर्थन के बीच अब अंब पंचायत का चुनाव काफी दिलचस्प होता नजर आ रहा है।

Related Topics: