सोनम वांगचुक के समर्थन में राजगढ़ में निकला शांति मार्च, राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, सकारात्मक वार्ता कर मांगों पर गंभीरता से विचार करने की उठाई मांग
राजगढ़
सोमवार को राजगढ़ क्षेत्र के समाजसेवियों एवं प्रबुद्ध वर्ग ने पर्यावरणविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में शांति मार्च निकालकर उनका समर्थन किया। शांति मार्च शिरगुल चौक से शुरू होकर एसडीएम कार्यालय राजगढ़ तक निकाला गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में “सोनम वांगचुक जिंदाबाद”, “युवा शक्ति जिंदाबाद” सहित विभिन्न संदेशों वाले पोस्टर लेकर शांतिपूर्ण ढंग से रैली निकाली। एसडीएम कार्यालय पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम राजगढ़ के माध्यम से देश के राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि केंद्र सरकार शीघ्र सोनम वांगचुक से सकारात्मक वार्ता कर उनकी मांगों और सुझावों पर गंभीरता से विचार करे। साथ ही कहा गया कि लोकतंत्र में किसी भी समस्या का स्थायी समाधान संवाद और बातचीत के माध्यम से ही संभव है।
शांति मार्च का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी जय प्रकाश चौहान ने कहा कि यह मार्च किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध में नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, युवाओं के भविष्य और जनहित के मुद्दों के लिए संघर्ष कर रहे सोनम वांगचुक के समर्थन में निकाला गया है। उन्होंने कहा कि राजगढ़ क्षेत्र के लोग दलगत राजनीति और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर इस अभियान में शामिल हुए हैं। उन्होंने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि केंद्र सरकार को शीघ्र सकारात्मक पहल करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि वार्ता के माध्यम से इस विषय का समाधान निकाला जा सके।
इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष परीक्षा चौहान, पूर्व जिला परिषद सदस्य शकुंतला प्रकाश, नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम जैलदार, पच्छाद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष दिनेश आर्य, सुंदर सिंह ठाकुर, इंद्र पाल ठाकुर, सोहन सिंह, नरेंद्र शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।