SpaceX-NASA ISS Mission / सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर नौ महीने बाद लौटेंगे धरती पर!!
एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स और अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को सुरक्षित धरती पर लाने के लिए मिशन शुरू कर दिया है। दोनों अंतरिक्ष यात्री पिछले नौ महीनों से आईएसएस पर फंसे हुए हैं।
अंतरिक्ष यान ने भरी उड़ान
भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर को वापस लाने के लिए अमेरिकी अंतरिक्ष यान आज तड़के (भारतीय समयानुसार) रवाना हो गया है। नासा ने अपने बयान में कहा है कि दोनों अंतरिक्ष यात्री 19 मार्च से पहले आईएसएस से रवाना हो जाएंगे।
लॉन्चिंग के बाद बढ़ी उम्मीदें
नासा-स्पेसएक्स क्रू-10 मिशन को अमेरिकी समयानुसार 14 मार्च की शाम 7:03 बजे लॉन्च किया गया। इस सफल प्रक्षेपण के बाद सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की सुरक्षित वापसी की उम्मीदें मजबूत हुई हैं।
नौ महीने से थे आईएसएस पर
दोनों अंतरिक्ष यात्री पिछले नौ महीनों से अंतरिक्ष स्टेशन पर अनुसंधान और वैज्ञानिक प्रयोगों में व्यस्त थे। उनकी वापसी का मिशन न केवल तकनीकी उपलब्धि है, बल्कि अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
नासा ने बताया कि मिशन की सभी गतिविधियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जा रही हैं और अंतरिक्ष यान की धरती पर सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित की जाएगी।