Loading...

Sports Stadium / संजौली में बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम और मैदान का उद्घाटन, युवाओं को समर्पित किया परिसर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 8 Jun 2026 • 1 Min Read

Sports Stadium : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने राजधानी शिमला के संजौली में बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम एवं मैदान का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और प्रतिभा को नई दिशा देने वाला यह परिसर उन्हें समर्पित है। उन्होंने कहा कि खेल राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम हैं और खेलों के माध्यम से युवाओं के व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है।

शिमला

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैदानों में निखरने वाला समर्पण, धैर्य और संघर्ष का भाव जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता का आधार बनता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हिमाचल प्रदेश से उभरने वाली खेल प्रतिभाएं भविष्य में भारत की खेल यात्रा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

खेल संस्कृति को मजबूत बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश में खेल संस्कृति को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न स्तरों पर खेल अधोसंरचना विकसित की जा रही है।

विश्वस्तरीय सुविधाओं के विकास की दिशा में प्रयास

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने का अभियान प्रदेश में निरंतर आगे बढ़ रहा है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करें।