सुमारी-भपराल सड़क निर्माण में गड़बड़ी पर मंत्री सख्त
Himachalnow / बिलासपुर
गुणवत्ता से समझौता नहीं, अधीक्षण अभियंता को जांच के आदेश
प्रदेश सरकार के नगर नियोजक, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्मानी ने सुमारी-भपराल सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग की शिकायत मिलने पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधीक्षण अभियंता को तत्काल जांच के निर्देश जारी किए और व्यक्तिगत निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने को कहा।
भाजपा शासनकाल में होता रहा घटिया निर्माण
मंत्री राजेश धर्मानी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौरान ठेकेदारों की मिलीभगत से सड़कों के निर्माण में लगातार घटिया सामग्री का प्रयोग किया जाता रहा, जिससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि निहारी-बरठीं, बाड़ा-दा-घाट, बगेतू-पंथैहरा-बम, घंडलविन चौक से हटवार-जहू जैसी सड़कों में भी खराब निर्माण कार्य किए गए, जिससे आज उनकी हालत बदतर हो गई है और PWD को रखरखाव में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
मंत्री धर्मानी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में अब किसी भी निर्माण कार्य में लापरवाही या घटिया सामग्री का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाए और यदि किसी भी निर्माण में अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।