Summer Festival / शिमला समर फेस्टिवल में इस बार हेलीकॉप्टर जॉयराइड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताओं का आयोजन
Summer Festival : शिमला में 8 से 12 जून तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव 2026 के दौरान हेलीकॉप्टर जॉयराइड सहित कई सांस्कृतिक और प्रतियोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भाषण प्रतियोगिता, वॉलीबॉल प्रतियोगिता, डॉग शो, हेल्दी बेबी शो और स्थानीय व्यंजनों से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
शिमला
चलौंठी हेलीपैड से शुरू होगी हेलीकॉप्टर जॉयराइड
अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव 2026 के दौरान इस बार पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए हेलीकॉप्टर जॉयराइड की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन के अनुसार यह जॉयराइड चलौंठी हेलीपैड से शुरू होकर शिमला की सात पहाड़ियों का हवाई भ्रमण करवाएगी और पुनः वहीं समाप्त होगी। रिज मैदान से चलौंठी हेलीपैड तक लोगों के आवागमन के लिए प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की जाएगी। जॉयराइड के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रशासन और पर्यटन विभाग के बीच किराया तय करने को लेकर बातचीत जारी है।
8 से 12 जून तक चलेगा समर फेस्टिवल
जिला उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने पत्रकार वार्ता में बताया कि शिमला समर फेस्टिवल का आयोजन 8 जून से 12 जून तक किया जाएगा। महोत्सव के दौरान स्कूली विद्यार्थियों के लिए हिंदी और अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रशासन के अनुसार इस प्रतियोगिता के लिए 50 स्कूलों से प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 51 हजार रुपए और ट्रॉफी, द्वितीय स्थान पर 31 हजार रुपए तथा तृतीय स्थान पर 21 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता और एंटी चिट्टा थीम कार्यक्रम
युवाओं के लिए संजौली ग्राउंड में इंटर डिस्ट्रिक्ट वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता को एंटी चिट्टा थीम से जोड़ा गया है, जिसमें विभिन्न जिलों की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में विजेता टीम को एक लाख रुपए और ट्रॉफी, उपविजेता को 50 हजार रुपए तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 30 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाली टीमों को भी 20-20 हजार रुपए की राशि दी जाएगी। प्रशासन ने एंटी चिट्टा विषय पर लघु फिल्म प्रतियोगिता भी घोषित की है, जिसमें प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपए रखा गया है।
शिमला स्वाद महोत्सव में स्थानीय व्यंजनों को मिलेगा मंच
ग्रीष्मोत्सव के दौरान रानी झांसी पार्क में शिमला स्वाद महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं सहित कुल 12 स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रशासन के अनुसार खाद्य गुणवत्ता की जांच कुफरी स्थित होटल मैनेजमेंट संस्थान द्वारा की जाएगी, जिसके बाद स्टॉल आवंटित किए जाएंगे। सर्वश्रेष्ठ स्टॉल को 51 हजार रुपए, दूसरे स्थान पर 31 हजार रुपए और तीसरे स्थान पर 21 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। महोत्सव में स्थानीय व्यंजनों को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा।
डॉग शो, हेल्दी बेबी शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी
समर फेस्टिवल में डॉग शो और हेल्दी बेबी शो का आयोजन भी किया जाएगा। डॉग शो में विजेता को 25 हजार रुपए, दूसरे स्थान पर 15 हजार रुपए और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 10 हजार रुपए दिए जाएंगे। हेल्दी बेबी शो में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चे के नाम 25 हजार रुपए की एफडी करवाई जाएगी। इसके अलावा तिब्बती छम नृत्य, उत्तराखंड का छोलिया नृत्य, हरियाणा का घूमर, राजस्थान का भवाई नृत्य और जम्मू-कश्मीर का गोजरी नृत्य भी प्रस्तुत किया जाएगा। रिज मैदान पर महानाटी कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना है।
सांस्कृतिक संध्याओं के लिए कलाकारों के नाम होंगे घोषित
डीसी अनुपम कश्यप ने बताया कि सांस्कृतिक संध्याओं के लिए कलाकारों के नाम जल्द अंतिम रूप से घोषित किए जाएंगे। प्रशासन के अनुसार इस सप्ताह कलाकारों की सूची जारी होने की संभावना है। आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पर्यटक सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।