मूसलाधार बारिश से सुरला क्षेत्र बेहाल, शिकारड़ी खड्ड व मारकंडेय नदी उफान पर
लगातार मूसलाधार बारिश के कारण सुरला क्षेत्र में शिकारड़ी खड्ड और मारकंडेय नदी उफान पर हैं, जिससे सड़कें और ग्रामीण संपर्क मार्ग प्रभावित हुए हैं। जिला प्रशासन ने गिरी नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों से नदी-नालों से दूर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
नाहन
जिला सिरमौर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। नाहन विधानसभा क्षेत्र की सुरला पंचायत के शिकारड़ी क्षेत्र में शिकारड़ी खड्ड पूरे उफान पर रही। भारी बारिश के कारण गांव के आसपास की पगडंडियां बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।क्षेत्र से होकर गुजरने वाली नाहन-कौलवाला भूड़ सड़क पर कई स्थानों पर पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। सड़क पर लगातार मलबा आने के कारण बसों सहित अन्य वाहनों की आवाजाही भी मुश्किल बनी रही। वहीं मारकंडेय नदी भी उफान पर बहती रही। इसके अलावा खजूरना से सुकेती जाने वाले मार्ग पर भी कई स्थानों पर भारी मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ।
उधर, उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने शुक्रवार को एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि गिरी जटोन बैराज, श्री रेणुका जी से शुक्रवार सुबह गेट नंबर 1, 2, 3 तथा 5 और 6 के माध्यम से पानी छोड़ा गया, जिसके चलते गिरी नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी रही। प्रशासन ने नदी किनारे के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने तथा नदी, खड्डों और नालों के आसपास नहीं जाने की सलाह दी।उपायुक्त ने सभी ग्राम पंचायत प्रधानों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी चेतावनी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने लोगों से मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया।
जिला प्रशासन ने किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा या आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र के दूरभाष 01702-226401, 226402, 226403, 226404, 226405 अथवा 1077 (टोल फ्री) पर तत्काल सूचना देने की अपील की है। लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
