Loading...

स्वर्ण जयंती आश्रय योजना / पात्र परिवारों को पक्का मकान बनाने के लिए मिल रही 1.50 लाख रुपये की सहायता

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 5 Hours Ago • 1 Min Read

स्वर्ण जयंती आश्रय योजना : हिमाचल सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र परिवारों को पक्का मकान बनाने के लिए स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत 1.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। योजना का लाभ उन पात्र परिवारों को दिया जाता है, जिनके नाम पर भूमि पंजीकृत है और जिनकी वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं है।

ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल

यह जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध नाट्य दल आर.के. कलामंच चिंतपूर्णी ने अंब उपमंडल की ग्राम पंचायत डूहल भटवालां के गांव बामसेरा और घंघरेट पंचायत में आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान दी। कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ग्रामीणों को बताया कि यह योजना ऐसे जरूरतमंद परिवारों के लिए लाभदायक है, जिनके पास अपनी जमीन तो है, लेकिन सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण वे पक्का मकान नहीं बना पाते।

अन्य कल्याणकारी योजनाओं की भी दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना तथा नशा निवारण अभियान की भी जानकारी दी गई। कलाकारों ने नशे को गंभीर सामाजिक बुराई बताते हुए लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।

20 गांवों में चलेगा जागरूकता अभियान

अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए संचालित योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से ऊना जिले में यह विशेष अभियान दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। जिले के 20 अनुसूचित जाति बहुल गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रथम चरण में 7 से 10 जुलाई तक तथा दूसरे चरण में 14 से 18 जुलाई तक विभिन्न पंचायतों में गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Topics: