बंगाणा के थानाकलां की बेटी समीक्षा ने बढ़ाया कुटलैहड़ का मान, विधायक विवेक शर्मा ने किया सम्मानित
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां की छात्रा समीक्षा ने नीट परीक्षा में पूरे देश में 449वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर विधायक विवेक शर्मा ने विद्यालय पहुंचकर छात्रा को सम्मानित किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण उस समय बना, जब राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां की मेधावी छात्रा समीक्षा, पुत्री विपिन कुमार, ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में पूरे देश में 449वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा स्वयं विद्यालय पहुंचे और समीक्षा को सम्मानित कर उसकी इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई दी।
इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि सीमित संसाधनों और साधारण परिवार से आने वाली समीक्षा ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि समीक्षा की सफलता न केवल थानाकलां बल्कि पूरे कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि मजबूत संकल्प और निरंतर परिश्रम से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
विधायक ने समीक्षा को सम्मानित करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आश्वस्त किया कि भविष्य में भी आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं। समीक्षा जैसी बेटियां “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान की वास्तविक सफलता का प्रतीक हैं और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने अभिभावकों से भी बेटियों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षित बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव होती हैं।समीक्षा की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, स्थानीय लोगों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।