Loading...

Transfers / हिमाचल में 10 आईपीएस-एचपीएस अधिकारियों के तबादले, कई जिलों को मिले नए एसपी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 4 Hours Ago • 1 Min Read

Transfers : हिमाचल प्रदेश सरकार ने 10 आईपीएस और एचपीएस अधिकारियों के तबादला व तैनाती आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल के तहत कई जिलों में पुलिस अधीक्षकों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। सिविल सेवा बोर्ड की सिफारिशों के आधार पर जारी इन आदेशों में कानून-व्यवस्था, संचार, तकनीकी सेवाओं और जिला पुलिस इकाइयों से जुड़े कई अहम पदों पर बदलाव किया गया है।

शिमला

जारी आदेशों के अनुसार आईपीएस अधिकारी अभिषेक दुल्लर को पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) नियुक्त किया गया है। उन्हें पुलिस महानिरीक्षक सशस्त्र पुलिस एवं प्रशिक्षण डरोह का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। डीके चौधरी को पुलिस महानिरीक्षक संचार एवं तकनीकी सेवा हमीरपुर भेजा गया है। संदीप कुमार धवल को पुलिस जिला देहरा का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि एसपी कांगड़ा अशोक रतन को पुलिस मुख्यालय शिमला में पुलिस अधीक्षक (अवकाश आरक्षित) नियुक्त किया गया है।

देहरा, नूरपुर और बिलासपुर समेत कई जिलों में फेरबदल

सरकार ने इल्मा अफरोज को विदेश अध्ययन अवकाश से लौटने के बाद पुलिस जिला नूरपुर का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। मयंक चौधरी को पुलिस जिला देहरा के एसपी पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय शिमला में पुलिस अधीक्षक (अवकाश आरक्षित) बनाया गया है। शिमला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक को अब बिलासपुर का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। गौरवजीत सिंह को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिमला की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह तबादला आदेश मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत की ओर से जारी किए गए हैं और इन्हें तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

दो एचपीएस अधिकारियों के भी बदले दायित्व

सरकार ने दो एचपीएस अधिकारियों के तबादला और तैनाती आदेश भी जारी किए हैं। रमन शर्मा को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो उत्तरी रेंज धर्मशाला का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे पुलिस मुख्यालय शिमला में अपनी तैनाती का इंतजार कर रहे थे। कुलभूषण वर्मा को पुलिस जिला नूरपुर से स्थानांतरित कर जिला कांगड़ा धर्मशाला का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। उन्हें विशेष कार्य बल धर्मशाला जोन के पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

Related Topics: