Loading...

ऊना में दवा विक्रेताओं की राष्ट्रव्यापी हड़ताल सफल, ऑनलाइन दवाओं की बिक्री का जोरदार विरोध

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 20 May 2026 • 1 Min Read

जिला ऊना में दवा विक्रेताओं की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में जिलेभर के मेडिकल स्टोर बंद रखे गए और व्यापारियों ने एकजुटता दिखाई। दवा विक्रेताओं ने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम लागू करने की मांग उठाई।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

जिला ऊना में बुधवार को दवा विक्रेताओं की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के प्रधान मनीष चढढ़ा के आह्वान पर जिलेभर के केमिस्ट एवं ड्रगिस्टों ने अपनी दुकानें बंद रखकर ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के खिलाफ एकजुटता दिखाई।हड़ताल के दौरान ऊना शहर सहित विभिन्न कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में मेडिकल स्टोर पूरी तरह बंद रहे। दवा विक्रेताओं ने कहा कि ऑनलाइन दवाओं की बिक्री से न केवल छोटे व्यापारियों का रोजगार प्रभावित हो रहा है, बल्कि मरीजों के स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ होने की आशंका बढ़ रही है।

केमिस्टों का कहना है कि बिना उचित जांच और चिकित्सकीय परामर्श के ऑनलाइन दवाएं उपलब्ध होने से नकली एवं गलत दवाओं के इस्तेमाल का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम लागू किए जाएं और स्थानीय दवा विक्रेताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।हड़ताल के समर्थन में जिलेभर के दवा विक्रेताओं ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और कहा कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

दवा विक्रेताओं ने बताया कि यह हड़ताल पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और सभी व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर इसमें भाग लिया। हड़ताल की सफलता को लेकर केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संगठनों ने संतोष व्यक्त किया तथा इसे व्यापारियों की एकता का प्रतीक बताया।

Related Topics: