Una Delimitation / नगर निगम ऊना के परिसीमन पर दायर आपत्तियों की सुनवाई 16 जून को उपायुक्त की अदालत में
Una Delimitation : नगर निगम ऊना के परिसीमन से जुड़ी आपत्तियों और सुझावों पर सुनवाई सोमवार को सुबह 11:30 बजे होगी। उपायुक्त जतिन लाल की अदालत में यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
केवल पहले से प्राप्त 11 दावों और आपत्तियों पर ही होगी सुनवाई, नई आपत्तियां नहीं मानी जाएंगी
आपत्तियों पर होगी विधिवत सुनवाई
नगर निगम ऊना के आयुक्त एवं अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि नगर निगम परिसीमन के प्रारूप प्रकाशन के बाद जो 11 दावे व आपत्तियां उपायुक्त कार्यालय में प्राप्त हुई थीं, उनकी सुनवाई सोमवार, 16 जून को सुबह 11:30 बजे उपायुक्त जतिन लाल की अदालत में की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सुनवाई में केवल पहले से प्राप्त आपत्तियों पर ही विचार होगा, नई आपत्तियां या दावे स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
सुनवाई में मौजूद रहना होगा अनिवार्य
महेंद्र पाल गुर्जर ने संबंधित व्यक्तियों और संगठनों से आग्रह किया कि वे नियत तिथि पर उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें। सुनवाई पूरी होने के बाद आपत्तियों का निपटारा कर परिसीमन का अंतिम प्रारूप जारी किया जाएगा।
2 जून को जारी हुआ था प्रारूप
गौरतलब है कि नगर निगम ऊना के वार्ड परिसीमन का प्रारूप 2 जून को प्रकाशित किया गया था। इसके बाद सभी हितधारकों को सात दिनों के भीतर सुझाव, आपत्तियां या सुधार प्रस्ताव देने का अवसर दिया गया। इस प्रक्रिया के तहत ऊना नगर निगम को 17 वार्डों में विभाजित किया गया है।
45 हजार से अधिक की आबादी पर आधारित है परिसीमन
प्रस्तावित परिसीमन में क्षेत्रीय संतुलन, जनसंख्या का समान वितरण, प्रशासनिक सुविधा और प्राकृतिक सीमाओं को ध्यान में रखा गया है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार, इन 17 वार्डों की कुल जनसंख्या 45,604 है।