Loading...

जनधन खाता हो या बीमा-पेंशन, 21 अक्टूबर से हर पंचायत में मिलेगा योजनाओं से जुड़ने का मौका

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 59 Mins Ago • 1 Min Read

21 अक्टूबर से हर पंचायत में विशेष शिविर, जनधन खाते से बीमा-पेंशन योजनाओं तक मिलेगा लाभ। वित्तीय समावेशन योजनाओं से अब तक वंचित पात्र लोगों को बैंकिंग, बीमा और पेंशन सेवाओं से जोड़ने के लिए ऊना जिले में 21 अक्टूबर से विशेष अभियान शुरू होगा। यह अभियान 31 दिसंबर तक चलेगा और प्रत्येक ग्राम पंचायत तथा शहरी स्थानीय निकाय में कम से कम एक विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविरों में नए जनधन खाते खोलने से लेकर निष्क्रिय खातों को सक्रिय करने, केवाईसी, बीमा और अटल पेंशन योजना से संबंधित कार्य किए जाएंगे।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

21 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक चलेगा अभियान

अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने बताया कि केंद्र सरकार के वित्तीय सेवाएं विभाग की ओर से विशेष सेचुरेशन अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य विभिन्न वित्तीय समावेशन योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र लोगों को इन सेवाओं से जोड़ना है। अभियान के दौरान जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय में कम से कम एक विशेष शिविर लगाया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को अपने क्षेत्र में ही बैंकिंग और वित्तीय योजनाओं से संबंधित विभिन्न सुविधाएं मिल सकेंगी। जिला प्रशासन और बैंक अभियान को संयुक्त रूप से संचालित करेंगे तथा शिविरों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

जनधन खाते खुलेंगे, निष्क्रिय खातों को किया जाएगा सक्रिय

अभियान में प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत पात्र लोगों के नए बैंक खाते खोलने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। लंबे समय से निष्क्रिय पड़े खातों को दोबारा सक्रिय करने के साथ केवाईसी प्रक्रिया पूरी करवाने की सुविधा भी शिविरों में उपलब्ध होगी। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के परिवारों के जनधन खाते प्राथमिकता के आधार पर खोले जाएंगे। बैंकिंग सेवाओं से जुड़े अन्य लंबित कार्यों के समाधान का भी प्रयास किया जाएगा।

जीवन ज्योति, सुरक्षा बीमा और अटल पेंशन योजना से जोड़ेंगे

शिविरों में पात्र नागरिकों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना से भी जोड़ा जाएगा। बीमा योजनाओं में आधार सीडिंग सहित संबंधित बैंकिंग प्रक्रियाएं पूरी करवाने में लोगों की सहायता की जाएगी। अभियान में केवल योजनाओं से जोड़ने पर ही नहीं, बल्कि लोगों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचाने और वित्तीय साक्षरता बढ़ाने पर भी जोर रहेगा। नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने के बारे में जागरूक किया जाएगा।

पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह और बैंक मित्र भी होंगे शामिल

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों, स्वयं सहायता समूहों और बैंक मित्रों को भी जोड़ा जाएगा। एडीसी इशांत जसवाल ने पात्र नागरिकों से 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर के बीच अपने नजदीकी ग्राम पंचायत या शहरी निकाय में आयोजित शिविर में पहुंचकर अपनी पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।

Related Topics: • •