ऊना में 18 सितंबर से बदलेगा स्कूलों का समय, सुबह 9 से शाम 3 बजे तक चलेंगी कक्षाएं
ऊना जिले में 18 सितंबर से सभी सरकारी और निजी स्कूलों का समय बदल जाएगा। नए आदेश के अनुसार प्री-प्राइमरी, प्राइमरी, मिडिल और सेकेंडरी स्तर के स्कूल सुबह 9 बजे से शाम 3 बजे तक संचालित होंगे। जिला दंडाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊना के अध्यक्ष जतिन लाल ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 33 और 34 के तहत इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जिले में गर्मी और उमस की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के मद्देनजर एक सितंबर से स्कूलों का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया था। अब मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने समय में बदलाव किया है। इसके तहत जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में शिक्षण कार्य सुबह 9 बजे शुरू होगा और शाम 3 बजे तक चलेगा।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को नए निर्धारित समय के अनुसार कक्षाएं और अन्य शिक्षण गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश प्री-प्राइमरी से लेकर सेकेंडरी स्तर तक के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों पर लागू होगा। प्रशासन के निर्देश के बाद स्कूलों को 18 सितंबर से संशोधित समय-सारिणी का पालन करना होगा।