Loading...

विला राउंड का बदलेगा स्वरूप, प्रकृति और जनसुविधाओं के संतुलन के साथ होगा विकास : अजय सोलंकी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नाहन की ऐतिहासिक सैरगाह विला राउंड को प्राकृतिक स्वरूप के अनुरूप विकसित करने की योजना पर काम तेज हो गया है। विधायक अजय सोलंकी ने पार्षदों, अधिकारियों और नागरिकों के साथ निरीक्षण कर विकास कार्यों को लेकर सुझाव लिए। योजना में ग्रीन ट्रैक, ओपन जिम, सुरक्षा व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और पक्षी संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नाहन

नाहन शहर की प्रमुख और ऐतिहासिक सैरगाह विला राउंड को प्राकृतिक स्वरूप के अनुरूप विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने मंगलवार को समस्त पार्षदों, प्रशासनिक अधिकारियों और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ विला राउंड का निरीक्षण कर इसके भावी विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान मौके पर उपस्थित लोगों से सुझाव भी लिए गए, ताकि शहर की इस धरोहर को जनभावनाओं के अनुरूप विकसित किया जा सके।निरीक्षण के दौरान विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि नगर निकाय चुनावों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने विला राउंड के संरक्षण और इसके प्राकृतिक वातावरण के अनुरूप विकास की मांग उठाई थी। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए अब इस सैरगाह के समग्र विकास की योजना तैयार की जा रही है।

उन्होंने बताया कि विला राउंड की सड़क को बेहतर बनाते हुए उस पर तारकोल बिछाया जाएगा। साथ ही पैदल सैर करने वालों के लिए अलग से ग्रीन ट्रैक तैयार किया जाएगा, जिससे लोगों को प्रकृति के बीच बेहतर और सुरक्षित वातावरण में सैर करने की सुविधा मिल सके।सोलंकी ने कहा कि यहां ओपन व्यायामशाला, सन बाथ प्वाइंट, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट तथा विभिन्न स्थानों पर बैठने के लिए आधुनिक बेंच स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा प्राकृतिक सौंदर्य को और निखारने के लिए स्थानीय प्रजातियों के पौधों और छायादार वृक्षों का रोपण किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से ऐसे पौधों को भी प्राथमिकता दी जाएगी जो वातावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखने में सहायक हों।

उन्होंने कहा कि विला राउंड केवल एक सैरगाह नहीं बल्कि शहरवासियों के स्वास्थ्य और मानसिक शांति का प्रमुख केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यहां सुबह और शाम सैर करने पहुंचते हैं। ऐसे में इसकी सुविधाओं और सुरक्षा को बेहतर बनाना समय की आवश्यकता है।विधायक ने बताया कि कई लोग सुबह अंधेरे में भी यहां सैर के लिए आते हैं। उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी तथा निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी विकसित करने पर विचार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पर्यावरण और जैव विविधता संरक्षण को भी समान महत्व दिया जाएगा। पक्षियों के लिए पेड़ों पर घोंसले लगाए जाएंगे तथा पशु-पक्षियों के लिए पेयजल की उचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि यह क्षेत्र प्रकृति और जीव-जंतुओं के लिए भी अनुकूल बना रहे।निरीक्षण के दौरान यह सुझाव भी सामने आए कि विला राउंड में प्राकृतिक दृश्यावलोकन स्थलों का विकास किया जाए, वर्षा जल संरक्षण की व्यवस्थाएं बनाई जाएं, विभिन्न प्रजातियों के वृक्षों और वनस्पतियों की जानकारी देने वाले सूचना पट्ट स्थापित किए जाएं तथा इसे पूर्ण रूप से स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाए। इसके अतिरिक्त प्रकृति प्रेमियों और युवाओं के लिए पर्यावरण जागरूकता से जुड़े आकर्षक बिंदु विकसित करने पर भी चर्चा की गई।

अजय सोलंकी ने कहा कि विला राउंड नाहन की पहचान है और इसका विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसकी प्राकृतिक सुंदरता और मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से भी सुझाव देने की अपील करते हुए कहा कि जनता की सहभागिता से ही इस सैरगाह को आदर्श स्वरूप दिया जा सकेगा।इस दौरान एसडीएम नाहन राजीव संख्यान, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आलोक जबनेजा, नगर परिषद के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार, वरिष्ठ पार्षद योगेश गुप्ता, पार्षद कपिल गर्ग उर्फ मोंटी, राकेश गर्ग उर्फ पपली, उपमा धीमान, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पार्षद नरेंद्र तोमर, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता महीपत सोलंकी, मदन सूर्यवंशी, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।