Loading...

Yogi Adityanath Rally: हिमाचल में कांग्रेस पर बरसे योगी आदित्यनाथ, बोले- अस्तित्व खो रही…

SAPNA THAKUR • 2 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN/ हमीरपुर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ आज हिमाचली दौरे पर आये है। उन्होंने आज हमीरपुर के बड़सर विधानसभा क्षेत्र में बुम्वलू में चुनावी हुंकार भरी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने उपस्थित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, कांग्रेस आज अपना अस्तित्व खोती जा रही है। कांग्रेस के एजेंडे में विकास नहीं है, विरासत का सम्मान नहीं है, सैनिकों का सम्मान भी नहीं है।

कांग्रेस के एजेंडे में केवल एक खानदान का विकास है। इन्होंने विकास के नाम पर भ्रष्टाचार की नई-नई परतें बनाईं, जिनका खामियाजा देश ने भुगता, कीमत नौजवानों ने चुकाई, विकास अवरुद्ध हुआ। उन्होंने कहा, हिमाचल प्रदेश के नागरिकों में पहाड़ जैसी दृढ़ता भी है, लेकिन पानी जैसी संवेदना भी है। इसलिए हिमाचल प्रदेश में डबल इंजन की भाजपा सरकार आवश्यक है।

उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, प्रकृति के आंचल में बसे हिमाचल प्रदेश के जनपद हमीरपुर की देवतुल्य जनता का यह आह्लाद राष्ट्रवाद की प्रचंड विजय का उद्घोष है। बड़सर विधान सभा क्षेत्र की विकासोन्मुखी जनता ने ठाना है, यहां हर बूथ पर कमल खिलाना है।”

उन्होंने आगे कहा, कांग्रेस के रहते अयोध्या में राममंदिर का निर्माण संभव नहीं था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभर कर सामने आया है। वैश्विक संकट की घड़ी में दुनिया आज मोदी की तरफ देखती है। दुनिया में भारत का परचम लहरा रहा है।