Loading...

नाहन-ददाहू सड़क पर अनियंत्रित होकर पलटी थार, बड़ा हादसा टला

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 23 Feb 2026, 2:36 PM | Updated: 23 Feb 2026, 2:36 PM 1 min read

नाहन-ददाहू मार्ग पर लोहारड़ी के पास देर रात एक थार अनियंत्रित होकर नाले के समीप पलट गई। गनीमत रही कि वाहन नाले में गिरने से बच गया और सवार लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

सिरमौर/नाहन

लोहारड़ी के पास देर रात हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार हादसा दोसड़का से लगभग दो किलोमीटर आगे लोहारड़ी नामक स्थान के पास पेश आया। थार (जीप) जमटा की ओर से नाहन की तरफ आ रही थी, तभी चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे नाले के पास जा गिरी।

नाले में गिरने से बची जीप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन घटनास्थल के समीप बहने वाले नाले में गिरने से बाल-बाल बच गया। इससे बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि, वाहन में कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

नंबर प्लेट नहीं, पुलिस को सूचना भी नहीं

मौके पर मौजूद वाहन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वाहन या तो ‘एप्लाइड फॉर’ था या फिर हादसे के बाद नंबर प्लेट हटाई गई। बताया गया कि दुर्घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई। सोमवार सुबह करीब 11 बजे क्रेन की सहायता से वाहन को उठाया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और रात में ही दूसरी गाड़ी से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। हालांकि, मामले को लेकर आधिकारिक स्तर पर पुष्टि और जांच आवश्यक मानी जा रही है।