पुलिस की पैनी नजर,अनुमति बिना प्रदर्शन पर प्रतिबंध

By NEHA Published: 9 Sep 2024, 2:23 PM | Updated: 9 Sep 2024, 2:23 PM 1 min read

HNN/शिमला

शिमला के संजौली में मस्जिद विवाद मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। भ्रामक प्रचार करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है, और अनुमति बिना किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। सोशल मीडिया पर मस्जिद निर्माण के विरोध में 11 सितंबर को फिर प्रदर्शन के मेसेज वायरल हो रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने यह कदम उठाया है।

पुलिस और जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाने का फैसला लेते हुए साफ किया है कि इस बार बिना अनुमति के न तो किसी भी प्रकार के प्रदर्शन और न ही मार्च की अनुमति दी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस बल को भी शिमला बुला लिया है। चौथी बटालियन को भी शिमला बुलाने की सूचना है।

इस मामले में पुलिस अधीक्षक शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। 5 सितंबर को संजौली बाजार में हुए मस्जिद निर्माण के विरोध में हुए प्रदर्शन की सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस खंगाल रही है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक इसमें लोगों को भड़काने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।