बारिश का कहर: पंडोह के पास धंसी सड़क, बाढ़ आने से मलबे में दबे वाहन
HNN/ मंडी
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। मंडी जिले बारिश से काफी नुकसान हुआ है। बता दें सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अनाह में मूसलाधार बारिश के कारण नाले में बाढ़ आ गई। बाढ़ आने से मलबे में कार और बाइकें दब गई। मलबे के कारण एक घर को भी नुकसान पहुंचा है।
नाले के साथ लगते कुछ अन्य घरों पर भी खतरा मंडराया है। इसके अलावा पंडोह डैम के पास चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं जिस कारण हाईवे के और ज्यादा क्षतिग्रस्त होने की संभावना बन गई है।
यदि हाईवे यहां बंद होता है तो एक बार फिर कुल्लू-मनाली आने-जाने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। बता दें जहां-जहां दरारें आई हैं, वहां-वहां स्थानीय लोगों ने पत्थर रखकर खतरे के संकेत चिहिन्त कर दिए हैं। वहीं शिमला सहित राज्य के अन्य जिलों में रात से जारी बारिश के चलते 63 सड़कें यातायात के लिए बाधित हो गई हैं। 319 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप पड़ गए हैं।