बेकाबू कार ने छह वर्षीय बच्ची को मारी टक्कर, दर्दनाक मौत
HNN/ मंडी
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। वाहन चालकों की लापरवाही की वजह से प्रदेश में आए दिन कई सड़क हादसे पेश आ रहे है। मामला मंडी जिले के सराज क्षेत्र के बालीचौकी जीरो प्वाइंट का है, यहां एक तेज रफ्तार कार ने छह साल की बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। वहीं वाहन चालक को गिरफ्तार कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, आज मंगलवार सुबह एक ऑल्टो कार बंजार से औट की तरफ आ रही थी। इस दौरान कार जब जीरो प्वाइंट पर पहुंची तो यहां पर ढाबा चलाने वाले व्यक्ति की बेटी पूर्वी कार की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
बता दें चालक ने बच्ची को बचाने के लिए गाड़ी को दूसरी तरफ घुमाया, लेकिन बच्ची कार की चपेट में आ गई। घटना के बाद बच्ची को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंजार ले जाया गया, लेकिन बच्ची ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस चौकी प्रभारी राम कृष्ण ने मामले की पुष्टि की है।