Loading...

शिमला: आईजीएमसी में अब आभा मोबाइल एप से एक मिनट में बनाएं पर्ची

By NEHA Published: 23 Oct 2024, 2:30 PM | Updated: 23 Oct 2024, 2:30 PM 1 min read

HNN/शिमला

हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी में मरीजों के लिए एक नई सुविधा शुरू की गई है। अब मरीजों को पर्ची बनाने के लिए लंबी-लंबी लाइनों में खड़े होने की जरूरत नहीं है। आभा मोबाइल एप के माध्यम से मात्र एक मिनट में पर्ची बनाई जा सकती है।

इस सुविधा के लिए अस्पताल प्रबंधन ने न्यू ओपीडी में विशेष काऊंटर खोला है, जहां मरीज आभा मोबाइल एप से पर्ची बना सकते हैं। अस्पताल के कर्मचारी भी मरीजों को इस सुविधा के बारे में जागरूक कर रहे हैं।

आभा मोबाइल एप के माध्यम से पर्ची बनाने के लिए मरीजों को अपने मोबाइल नंबर या आभा नंबर से लॉगिन करना होगा। इसके बाद, स्कैन कोड में स्कैन करने पर एक टोकन नंबर जनरेट होगा, जिसे पर्ची काऊंटर में बैठे कर्मचारी को देना होगा। इस प्रोसैस में मात्र एक मिनट से अधिक भी नहीं लगेगा और पर्ची बन जाएगी।

यह सुविधा जल्द ही एम्स बिलासपुर सहित अन्य अस्पतालों में भी शुरू की जाएगी। इससे मरीजों को पर्ची बनाने में आसानी होगी और उनका समय बचेगा।

Tags: