सिद्धपुर में आग की घटना, तीन दुकानें जलकर राख
HNN/मंडी
धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के सिद्धपुर में आज सुबह करीब 7 बजे भीषण आग लग गई। इस आग में पंकज शर्मा, किशोरी लाल और संजय कुमार की दुकानें बुरी तरह से जल गईं। इन दुकानों में करियाना व कंफैक्शनरी का सामान आदि रखा हुआ था।
आग इतनी भीषण थी कि करियाना की दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। अन्य दो दुकानों में हुए नुक्सान की जानकारी अभी तक पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगते ही आसपास के लोगों ने इसकी सूचना अग्निशमन विभाग और पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे अग्निशमन दल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रभावित दुकानदारों का कहना है कि इस आग में उनकी लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई है। एसडीएम जोगिंदर पटियाल ने बताया कि राजस्व विभाग के कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रहे हैं। प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा।