हमीरपुर का लाल रणजीत सिंह बने लेफ्टिनेंट जनरल, शहर में जश्न का माहौल

By NEHA Published: 2 Oct 2024, 2:55 PM | Updated: 2 Oct 2024, 2:58 PM 1 min read

HNN/हमीरपुर

हिमाचल डेस्क (राजीव)। रणजीत सिंह ने हमीरपुर शहर का नाम रोशन किया है। मंगलवार को उन्हें भारतीय सेना में लैफ्टिनेंट जनरल के पद पर पदोन्नत किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल राज्य का नाम रोशन हुआ है, बल्कि युवाओं को भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में शामिल होने के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा। लैफ्टिनेंट जनरल रणजीत सिंह को उनकी मां राधा रानी ने नई दिल्ली स्थित सेना मुख्यालय में पदोन्नति बैज लगाया, जबकि उनकी पत्नी योगिता उनके साथ खड़ी थीं।

जनवरी 2022 में मेजर जनरल का पदभार संभालने वाले लैफ्टिनेंट जनरल रणजीत सिंह हीरा नगर कालोनी के निवासी हैं और दिवंगत लैफ्टिनेंट कर्नल किशन चंद के पुत्र हैं। उनके दादा 1932 में ब्रिटिश भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे, जबकि उनके एक चाचा रामपाल सिंह भारतीय सेना में कर्नल थे।

रणजीत सिंह को दिसम्बर 1989 में सेना में कमीशन मिला था। रणजीत सिंह 1986 में एन.डी.ए. के 75वें बैच में शामिल हुए थे। उन्हें सेना में पहला कमीशन 16 दिसम्बर 1989 को मिला था। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा योल, मुंबई व उधमपुर आदि स्थानों पर केंद्रीय विद्यालयों से की थी, क्योंकि उनके पिता की पोस्टिंग के कारण परिवार लगातार आगे बढ़ता रहा।