Loading...

अतिरिक्त उपायुक्त ने चुनावी व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लोगों को किया जागरूक

PRIYANKA THAKUR • 4 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN / कांगड़ा

कांगड़ा जिले में विधानसभा चुनावों में प्रत्येक क्षेत्र और व्यक्ति की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। जिले के दूरवर्ती क्षेत्र तहसील मुलथान की ग्राम पंचायत लोहारडी में स्वीप की जिला नोडल अधिकारी तथा अतिरिक्त उपायुक्त गंधर्व राठौड़ ने लोगों को मतदान के महत्व और मताधिकार के प्रयोग को लेकर जागरूक किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त ओम कांत ठाकुर भी उपस्थित रहे।

उन्होंने क्षेत्र के बूथ स्तर अधिकारी और स्थानीय लोगों से चर्चा करते हुए उन्हें मतदान के महत्व के बारे में बताया। गंधर्व राठौड़ ने क्षेत्र में चुनाव संबंधित व्यवस्थाओं और तैयारियों का जायजा भी लिया। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा में दूरवर्ती क्षेत्रों में भी चुनावों की दृष्टि से हर व्यवस्था उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वह चुनाव के दिन भारी संख्या में घरों से निकल कर अपने मताधिकार का उपयोग करें।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के संचालन हेतु लोग प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की विसंगति को चुनाव आयोग के समक्ष लाएं। उन्होंने कहा कि लोग बिना किसी लालच और दबाव में आए अपना वोट डालें तथा आदर्श आचार संहिता संबंधित किसी भी शिकायत को तुरंत अपने चुनाव अधिकारी के ध्यान में लाएं।