Loading...

अब पत्रकारों के लिए बनेगी एसओपी, अतीक-अशरफ हत्याकांड के बाद गृह मंत्रालय का फैसला

Ankita • 16 Apr 2023 • 1 Min Read

प्रयागराज में माफिया डॉन अतीक अहमद और उसके भाई की कैमरों के सामने हत्या के बाद केंद्र सरकार ने पत्रकारों के लिए बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा है कि देश में पत्रकारों के लिए एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) बनाई जाएगी। इसमें पत्रकारों की सेफ्टी और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

इन एसओपी में कवरेज के दौरान पत्रकारों को शासन से व्यापक सुरक्षा मिल सके और कुछ सुरक्षा के ऐसे मापदंड होंगे, जिनका उनको पालन करना होगा। गृह मंत्रालय द्वारा तैयार किए जा रहे यह स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासन के लिए होगा।

जब अतीक और अशरफ की हत्या की गई उसके बाद घटनास्थल पर कैमरे और आइकार्ड भी पड़ा दिखा। जिस पर किसी पत्रकार ने कोई क्लेम नहीं किया। पुलिस कह रही है कि हत्यारे पत्रकार बनकर आए थे। हो सकता है कि वह कैमरा-आईकार्ड लेकर आए थे।

हत्यारों ने बाद में पुलिस पूछताछ में बताया कि वो इस तरह खुलकर अतीक और अशरफ को नहीं मारना चाहते थे, बल्कि पत्रकारों के बीच में रहते हुए अतीक पर फायरिंग करना चाहते थे, लेकिन जब वो ऐसा नहीं कर पाए तो खुलकर सामने आए और ताबड़तोड़ फायरिंग कर अतीक और अशरफ की हत्या कर दी थी।