Loading...

अब सिर्फ प्रार्थना नहीं, हर सुबह फिटनेस की पाठशाला; सरकारी स्कूलों में 15 मिनट पीटी अनिवार्य

Shailesh Saini • 12 Hours Ago • 1 Min Read

प्रार्थना सभा का बदलेगा स्वरूप, योग, व्यायाम, खेल गतिविधियां और नैतिक संदेश होंगे नियमित हिस्सा

हिमाचल नाऊ न्यूज शिमला

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब विद्यार्थियों के दिन की शुरुआत केवल प्रार्थना और राष्ट्रगान से नहीं होगी, बल्कि रोजाना 15 मिनट के अनिवार्य शारीरिक व्यायाम (पीटी), योग और खेल गतिविधियों से होगी। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी करते हुए इसे नियमित व्यवस्था का हिस्सा बनाने के आदेश दिए हैं।

नए निर्देशों के अनुसार प्रार्थना सभा को विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास से जोड़ा जाएगा। सुबह की सभा में पीटी, स्ट्रेचिंग, हल्के व्यायाम, योग, प्रेरणादायक विचार और नैतिक संदेश शामिल किए जाएंगे। जिन विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा शिक्षक उपलब्ध हैं, वे इन गतिविधियों का संचालन करेंगे, जबकि अन्य स्कूलों में यह जिम्मेदारी संबंधित शिक्षकों को सौंपी जाएगी।

शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को प्रतिदिन खेल गतिविधियों के लिए अलग समय निर्धारित करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि विद्यार्थियों की खेलों में भागीदारी बढ़े और उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा टीम भावना विकसित हो सके।इसके साथ ही प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की बुनियादी जानकारी देने और आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।

शिक्षा विभाग का मानना है कि नियमित शारीरिक गतिविधियों से बच्चों में बढ़ती निष्क्रिय जीवनशैली, मोटापे और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर अंकुश लगेगा। साथ ही उनकी एकाग्रता, सीखने की क्षमता और पढ़ाई में प्रदर्शन बेहतर होगा।विभाग ने सभी स्कूल प्रमुखों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है।

माना जा रहा है कि यह पहल विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने और विद्यालयों में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Related Topics: