Loading...

उत्तर प्रदेश पुलिस के सुरक्षा घेरे में अतीक़ अहमद और उसके भाई अशरफ़ की गोली मारकर हत्या

Ankita • 16 Apr 2023 • 1 Min Read

माफिया डॉन अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की शनिवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इन दोनों को पुलिस कस्टडी में लेकर पूछताछ कर रही थी। घटना को लेकर पुलिस ने कहा है कि तीन हमलावर मीडिया कर्मी बनकर आए थे। बाइट लेने के दौरान ही इस वारदात को अंजाम दिया।

हमले में लखनऊ के एएनआई के रिपोर्टर भी घायल हुए हैं। तीनों हमलावरों को पकड़ा गया है। शनिवार शाम हुई घटना को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज की घटना का संज्ञान लिया है। सीएम योगी ने तत्काल उच्च स्तरीय बैठक बुलाई और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने तीन सदस्य ज्यूडिशियल कमिशन (न्यायिक जांच आयोग) के गठन के निर्देश भी दिए हैं। पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर तीन पिस्तौल, एक मोटर साइकिल, एक वीडियो कैमरा और एक न्‍यूज चैनल का लोगो पड़ा मिला है। अंदेशा है कि तीनों हमलावर मीडियाकर्मी बनकर आये और घटना को अंजाम दिया।

उन्होंने अपने गले में पहचान पत्र भी लटका रखे थे। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) करेली श्‍वेताभ पांडेय ने बताया कि अतीक और अशरफ को रूटीन जांच के लिए अस्पताल लाया गया था, तभी यह घटना हुई। उन्होंने यह भी बताया कि तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।