कांगड़ा में गोशाला में भीषण आग, गाय और बछड़ी जलकर मरी
HNN/कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के सलियाणा में एक गोशाला में भीषण आग लग गई, जिसमें एक गाय और उसकी चार दिन की बछड़ी जलकर मर गई। आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना मंगलवार रात करीब दो बजे हुई जब गुरेहड़ निवासी सुभाष चंद की गोशाला में आग लग गई।
स्थानीय लोगों और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने मिलकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोशाला जल चुकी थी। गौशाला के साथ लगते पुराने मकान को बचा लिया गया। पंचायत प्रधान सुरेश कुमार ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मदद करने की मांग की है। हलका पटवारी ने मौके पर जाकर नुकसान की रिपोर्ट तैयार की है।
पुलिस थाना प्रभारी की टीम भी मौके पर पहुंची और आग के कारणों का पता लगा रही है। अभी तक आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना से पीड़ित परिवार को बड़ा झटका लगा है और उन्हें आर्थिक मदद की आवश्यकता है।