HNN/काँगड़ा
जिला काँगड़ा के बैजनाथ में एक दुखद घटना घटी, जहां नगर पंचायत बैजनाथ-पपरोला के वार्ड-4 निवासी कालीदास पुत्र बिशन दास की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। कालीदास बस अड्डे के बाहर फड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था।
जानकारी के मुताबिक़ ,हादसे के दौरान कालीदास अपनी फड़ी लगाकर खड़ा था, तभी जोगिंद्रनगर की तरफ से आई एक कार ने उसे कुचल दिया। कालीदास को गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल बैजनाथ पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
इस दुर्घटना के बाद कालीदास के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में उनकी पत्नी, बेटी और बेटा हैं, जो अब आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। व्यापार मंडल के प्रधान मनोज कपूर ने कहा कि कालीदास व्यापार मंडल परिवार का सदस्य था और संकट की इस घड़ी में मृतक के परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।

