गाड़ी को ओवरटेक करते स्किड हुई बाइक, चालक की गई जान
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा में पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर नगरोटा बगवां में पुराना बस अड्डा के समीप एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां एक बाइक स्किड होने से चालक की जान चली गई है।
मृतक की पहचान संजीव कुमार (42) पुत्र तिलक राज निवासी मोरला सिद्धपुर सरकारी तहसील पालमपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, संजीव बुधवार सुबह के समय अपनी बाइक (एचपी 37एफ-6496) पर सवार होकर पालमपुर से कांगड़ा की तरफ जा रहा था। इस दौरान पुराना बस अड्डा नगरोटा बगवां से थोड़ा आगे जब वह एक कैंटर गाड़ी (एचपी 68-6478) को ओवरटेक करने लगा तो सामने से एकदम एक कार आ गई, जिससे वह बाइक पर से अपना नियंत्रण खो बैठा।
उसने जैसे ही बाइक से कट मारा तो बाइक स्किड हो गई। इस दौरान बाइक सवार सड़क पर गिरकर घयाल हो गया। गंभीर हालत में उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल एवं अस्पताल टांडा ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस थाना नगरोटा बगवां के एएसआई नरेश कुमार ने मामले की पुष्टि की है।