चोरों ने घर में लगाई सेंध, लाखों की नकदी सहित गहने लेकर हुए फरार
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा के खंड मुख्यालय नगरोटा सूरियां के वार्ड नंबर 2 में एक चोरी की वारदात पेश आई है, यहां शातिरों ने एक घर में सेंधमारी कर लाखों की नकदी सहित आभूषणों पर हाथ साफ कर लिया है। पीड़ित शिव कुमार शर्मा ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित ने बताया कि वह रविवार को अपने परिवार के साथ सुबह छह बजे अपने घर में ताला लगाकर रिश्तेदार के घर चले गए थे।
शाम को जब वह लाैटे तो घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर अलमारी खुली थी। जब देखा तो अलमारी से 14 लाख के सोने के गहने और सात लाख रुपये की नकदी गायब थी। पुलिस चौकी प्रभारी अवनीश ने मामले की पुष्टि की है।
