Loading...

छः किलोमीटर पैदल चलकर करगानू की महिलाओं ने दिया नशामुक्ति का संदेश

PRIYANKA THAKUR • 29 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN / राजगढ़

करगानू पंचायत को ड्रग फ्री बनाने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी देने के उद्देश्य से करगानू पंचायत ग्राम संगठन द्वारा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दूधम मतियाना से लेकर यशवंत नगर तक नशा निवारण रैली निकाली गई। जिसमें करगानू पंचायत के लोकल रिसोर्स ग्रुप की महिलाओं के अलावा आंगनबाड़ी, आशावर्कर तथा दूधम मतियाना स्कूल के बच्चों ने छः किलोमीटर का सफर कर लोगों को नशा मुक्ति का संदेश दिया।

इस रैली में करगानू पंचायत के प्रधान विद्यानंद शर्मा, उप प्रधान विक्रम सिंह के अलावा एलआरजी की पदाधिकारी अनिता शर्मा, सोनिया, पूनम, कनिका और अरूणा ने भाग लिया। प्रधान विद्यानदं शर्मा ने इस मौके पर अपने संबोधन में कहा कि नशा समाज में विकराल रूप ले चुका है जोकि चिंता का विषय है।

उन्होंने लोकल रिसोर्स ग्रुप की महिलाओं द्वारा करगानू पंचायत को नशा मुक्त पंचायत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सरहाना की और पंचायत की ओर से भरपूर सहयोग देने का आश्वासन दिया। एलआरजी अनिता शर्मा ने बताया कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए एलआरजी द्वारा नशामुक्ति अभियान आरंभ किया गया, जिसमें समाज के हर वर्ग का सहयोग लिया जा रहा है।

उन्होने रैली को सफल बनाने के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दूधम मतियाना के प्रधानाचार्य व स्टाफ का आभार व्यक्त किया। अनिता शर्मा ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान के अतिरिक्त समूह द्वारा महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं ताकि ग्रामीण परिवेश की महिलाएं रूढ़ीवादिता की चार दीवारी से बाहर निकलकर समाज में अपना जीवन यापन सम्मानपूर्वक कर सके ।