Loading...

जेसीबी मशीन पर पहाड़ी दरकने से मलबे की चपेट में आए दो व्यक्ति, एक की मौत, दूसरा जख्मी

By PARUL Published: 30 Jan 2024, 9:40 PM | Updated: 30 Jan 2024, 9:40 PM 1 min read

HNN/कांगड़ा

जिला कांगड़ा में इंदौरा के तहत जेसीबी मशीन पर पहाड़ी दरकने से दो व्यक्ति मलबे की चपेट में आ गए। मलबे की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान रजिंद्र पाल (40) उर्फ राजू पुत्र काकू राम और घायल की पहचान कमल किशोर (38) पुत्र पुरुषोत्तम सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, काकू राम पुत्र गोरखी राम निवासी नसवाल वार्ड नंबर-7 पंचायत डाह कुलाड़ा के घर के पास पहाड़ी से खिसक रही मिट्टी को जेसीबी की मदद से साफ करवाया जा रहा था। जेसीबी मशीन पर रजिंद्र पाल व कमल किशोर सवार थे। इस दौरान रजिंद्र सिंह ने जैसे ही पहाड़ी को दरकते देखा तो उसने छलांग लगा दी।

लेकिन पहाड़ी का एक हिस्सा उस पर गिर गया जबकि कमल किशोर जेसीबी सहित दब गया। जिसके बाद इस बाबत पुलिस व प्रशासन को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों व्यक्तियों को मलबे से निकालकर पठानकोट के निजी अस्पताल पहुंचाया।

जहां चिकित्सकों ने रजिंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि कमल किशोर की गंभीर हालत को देखते हुए अन्य अस्पताल में रैफर कर दिया। एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने हादसे की पुष्टि की है।